varanasi crime news
नेटवर्क महानगर/वाराणसी
भभुआ बिहार के एक कुख्यात बदमाश और उसके साथी का गुरुवार देर रात लंका पुलिस से सामना हो गया। पुलिस ने घेराबंदी की तो विकास पटेल ने पुलिस टीम को पीछे ढकेलने के लिए फायरिंग कर दी। पुलिस खुद का बचाव करते हुए जवाब में गोली चलाई तो विकास के पैर में गोली जा लगी, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। डीसीपी क्राइम सरवणन टी. ने बताया कि घायल बदमाश को बीएचयू के ट्रामा सेंटर में ले जाया गया है, जबकि फरार बदमाश की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। डीसीपी ने लंका पुलिस को मुठभेड़ के लिए शाबाशी दी है।
वहीं, एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि विकास पटेल के खिलाफ वाराणसी में सात से ज्यादा आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह महिलाओं की चेन छीनने व वाहन चोरी में माहिर है। उन्होंने कहा कि लंका इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा को मुखबिर ने चेन स्नेचर के बारे में जानकारी दी।
पुलिस बीएचयू से डाफी जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी की, तो कुछ देर बाद ही अपाचे बाइक से दो युवक पुलिस टीम को आते हुए दिख गए। सिपाहियों ने रुकने का इशारा किया तो दोनों ने भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस टीम पहले से अलर्ट थी इसलिए बदमाश घिरने का एहसास होते ही फायरिंग झोंक दिए।
विकास के पास से मिली अपाचे बाइक चोरी की है। बदमाश से बरामद तमंचा पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। इस आपरेशन में लंका इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा, बीएचयू चौकी प्रभारी सौरभ तिवारी व नगवा चौकी प्रभारी शिवाकर मिश्र आदि शामिल थे।
