दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिशहर और राज्य

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री ऑस्कर फर्नांडिस का निधन!

नयी दिल्ली: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री ऑस्कर फर्नांडिस का सोमवार को मैंगलोर में निधन हो गया। 80 वर्षीय फर्नांडिस राज्यसभा के एक मौजूदा सदस्य थे। फर्नांडिस इस साल 20 जुलाई को अपना नियमित व्यायाम करते समय दुर्घटनावश गिर जाने के बाद गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें मैंगलोर के एक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती कराया गया था। बताया जा रहा है कि जुलाई में अपने आवास पर योग का अभ्यास करने के दौरान सिर में लगी चोट के बाद ऑस्कर फर्नांडिस का इलाज चल रहा था।
डॉक्टरों ने उनके सिर में एक क्लोट (खून का थक्का जमना) निकालने के लिए उनका ऑपरेशन किया था। हालांकि, वह बेहोशी की स्थिति से कभी वापस नहीं आ पाए। फर्नांडिस का नियमित अंतराल पर डायलिसिस भी हो रहा था। उनके परिवार में पत्नी, बेटा और एक बेटी है।
फर्नांडिस को ब्रदर ऑस्कर के नाम से जाना जाता था और वे कांग्रेस सुप्रीमो सोनिया गांधी के करीबी थे। उन्होंने यूपीए सरकार में केंद्रीय परिवहन, सड़क और राजमार्ग, श्रम और रोजगार मंत्री के रूप में कार्य किया था।
वह कर्नाटक के उडुपी संसदीय क्षेत्र से पांच बार लोकसभा सांसद रह चुके थे और उन्हें कांग्रेस द्वारा राज्यसभा के लिए नामित किया गया था। एक स्कूल शिक्षक के बेटे होने के नाते, वह गांधी परिवार का विश्वास जीतकर कांग्रेस पार्टी में मान्यता के सर्वोच्च पद तक पहुंचे। उन्होंने दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के संसदीय सचिव के रूप में भी कार्य किया था। उन्होंने एआईसीसी महासचिव के रूप में भी कार्य किया और उन्हें विभिन्न स्थितियों को संभालने को लेकर पार्टी के लिए एक संकटमोचक के रूप में जाना जाता था।
कांग्रेस के एक स्थानीय नेता ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और राज्य कांग्रेस अध्यक्ष डी. के. शिवकुमार के अलावा कर्नाटक के कई प्रमुख कांग्रेस नेताओं ने उनके निधन पर दुख जताया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। लोकसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और अन्य कांग्रेस के वरिष्ठ नेता फर्नांडिस को श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
कांग्रेस नेता के निधन पर दु:ख व्यक्त करते हुए, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने कहा- श्री ऑस्कर फर्नांडीस जी के परिवार और दोस्तों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। यह मेरे लिए एक व्यक्तिगत क्षति है। वह कांग्रेस पार्टी में हम में से कई लोगों के लिए एक मार्गदर्शक और संरक्षक थे। उन्हें याद किया जाएगा और उनके योगदान के लिए प्यार से उनका स्मरण किया जाएगा।
कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रमुख और महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का एक बरगद का पेड़ गिर गया है। उन्होंने कहा, ऑस्कर फर्नांडिस जी एक मार्गदर्शक, संरक्षक और संगठन निर्माता थे, जो कांग्रेस कार्यकर्ताओं से जुड़े थे और वे बदले में उनसे प्यार करते थे। शायद उनके जैसा कोई नहीं होगा। शाश्वत कांग्रेसी को हमारी भावभीनी श्रद्धांजलि।
उनका जन्म 27 मार्च 1941 को उडुपी में हुआ था। फर्नांडिस ने 1972 में उडुपी नगर परिषद के पार्षद के रूप में अपना राजनीतिक जीवन शुरू किया था।

पीएम मोदी ने आस्कर फर्नांडिस के निधन पर शोक जताया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आस्कर फर्नांडिस के निधन पर शोक जताया। शोक की इस घड़ी में हमारी संवेदना आस्कर फर्नांडिस के परिजनों और उनके शुभ चिंतकों के साथ है। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। पीएमओ की तरफ से किये गये ट्‌वीट में उक्त बातें कही गयीं हैं।