पुणेब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रशहर और राज्य

खौफनाक मर्डर: एकतरफा प्यार में सनकी लड़के ने 14 साल की लड़की को बीच सड़क पर चाकुओं से गोदकर मार डाला!

पुणे: महाराष्ट्र के पुणे शहर में मंगलवार शाम एक दिलदहला देने वाली घटना घटित हुई। यहां बीच सड़क पर 14 साल की लड़की को रोका गया, फिर चाकुओं से गोदकर उसकी हत्या कर दी गई। घटना को तीन लड़कों ने अंजाम दिया। इनमें एक लड़का नाबालिग लड़की से एकतरफा प्यार करता था। लड़की कबड्डी की प्रैक्टिस करने के लिए जा रही थी।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, लड़की कक्षा 8वीं में पढ़ती थी। उसके दूर के रिश्तेदार ने एकतरफा प्यार के कारण हत्या की है। घटना के कुछ घंटे बाद आरोपियों में से दो नाबालिगों को पकड़ लिया गया।
बिबेवाड़ी पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सुनील जावरे ने बताया कि लड़की रोज की तरह मंगलवार शाम करीब 5.45 बजे कबड्डी की प्रैक्टिस करने के लिए बिबेवाडी इलाके के यश लॉन में जा रही थी। जब वह लॉन के पास दोस्तों के साथ खड़ी थी, तभी एक बाइक पर सवार तीन लड़के पहुंचे। इनमें एक 22 साल का लड़का था, जबकि दो नाबालिग थे। आरोपियों में से एक बाइक के पास खड़ा रहा, जबकि 22 साल के लड़के समेत नाबालिग ने लड़की को घेर लिया और उस पर चाकुओं से हमला करना शुरू कर दिया। हमलावरों ने लड़की के गले और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई वार किए। वह सड़क पर ही लहूलुहान हालत में गिर पड़ी और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद तीनों आरोपी खौफनाक वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। बाद में पुलिस पहुंची और हमलावरों की तलाश में नाकेबंदी की। पुलिस ने दो नाबालिगों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि मुख्य आरोपी अभी भी फरार है।

पहले लड़की के घर रहता था आरोपी
पुलिस का कहना था कि 22 साल का आरोपी शुभम भागवत लड़की का दूर का रिश्तेदार है और वह उसके घर पर रहता था। उसे लड़की से एकतरफा प्यार हो गया था, इसलिए लड़की के माता-पिता ने उसे घर छोड़ने के लिए कहा था। पुलिस उपायुक्त (जोन-5) नम्रता पाटिल ने बताया कि उन्हें मौके से एक पिस्टल मिली है जो एक खिलौना बंदूक की तरह दिखती है। पाटिल ने कहा कि पुलिस इसकी जांच कर रही है। इस मामले में पुणे जिले के प्रभारी मंत्री और उप-मुख्यमंत्री अजीत पवार ने घटना पर दु:ख जताया और पुलिस को मामले में त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।