दिल्लीनागपुरमहाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

महाराष्ट्र के पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस बनाए गए गोवा के चुनाव प्रभारी

नयी दिल्ली: 2022 के विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा ने अपने प्रभारियों और सह-प्रभारियों की घोषणा कर दी है। केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान उत्तर प्रदेश के चुनाव प्रभारी बनाए गए हैं, तो महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस गोवा के चुनाव प्रभारी होंगे। धर्मेन्द्र प्रधान के साथ केन्द्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर, केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, केन्द्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे, केन्द्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, सांसद सरोज पांडे, सांसद विवेक ठाकुर और हरियाणा के पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु को उत्तरप्रदेश का सह-प्रभारी बनाया गया है।
भाजपा महासचिव अरूण सिंह ने कहा कि ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। उन्होने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस गोवा के चुनाव प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। उनके साथ केन्द्रीय संस्कृति व पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी और रेल राज्य मंत्री दर्शना जर्दोश सह प्रभारी के रूप में योगदान देंगे। पार्टी का मानना है कि पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र के होने के चलते वरिष्ठ नेता फड़णवीस गोवा में पार्टी की चुनावी व्यूहरचना बेहतर ढंग से कर सकेंगे।

भूपेन्द्र यादव मणिपुर में संभालेंगे मोर्चा
पार्टी ने केन्द्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रहलाद जोशी को उत्तराखंड का चुनाव प्रभारी बनाया है। उनके साथ राष्ट्रीय प्रवक्ता सरदार आर पी सिंह और लोकसभा सांसद लॉकेट चटर्जी सह प्रभारी होंगे। केन्द्रीय पर्यावरण एवं वन मंत्री भूपेन्द्र यादव मणिपुर में पार्टी के चुनाव प्रभारी होंगे तो केन्द्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक और असम के मंत्री अशोक सिंघल सह प्रभारी की जिम्मेदारी निभाएंगे। जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत को पंजाब का प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ केन्द्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी, विदेश राज्यमंत्री मीनाक्षी लेखी और सांसद विनोद चावड़ा को पंजाब में सह प्रभारी की जिम्मेदारी मिली है।