Uncategorised

मुंबई: माटुंगा इलाके के एक सरकारी स्कूल में 8वीं की छात्रा के साथ दो छात्रों ने किया दुष्कर्म!

मुंबई,(राजेश जायसवाल): शिक्षा का मंदिर कहे जाने वाले स्कूल में लड़की के साथ दुष्कर्म होने की घटना ने अभिभावकों को झकझोर कर रख दिया है। यह शर्मनाक घटना मुंबई के माटुंगा इलाके में स्थित एक सरकारी स्कूल में घटी है। यहां बृहन्मुम्बई महानगर पालिका (बीएमसी) स्कूल में आठवीं कक्षा के छात्रों ने अपने ही साथ पढ़ने वाली एक सहपाठी छात्रा के साथ दुष्कर्म किया!
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, कक्षा में दो लड़कों ने अपनी 13 वर्षीय सहपाठी से दुष्कर्म किया, जिसके बाद उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि दोनोंं ने छात्रा को कक्षा में अकेला देख इस घटना को अंजाम दिया! दुष्कर्म की यह चौंकाने वाली घटना सोमवार को हुई। घटना के वक्त अन्य विद्यार्थी व शिक्षक वार्षिक समरोह के लिए स्कूल सभागृह में थे, तब इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने बताया कि घटना का पता तब चला जब पीड़िता ने अपनी मां को प्राइवेट पार्ट में दर्द होने की शिकायत की। मां ने दर्द का कारण पूछा तो उसने पूरी घटना बता दी।

माटुंगा पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि लड़की के साथ उसके दो सहपाठियों ने उस समय दुष्कर्म किया, जब उसके साथी सहपाठी डांस का अभ्यास करने के लिए कक्षा से बाहर गए थे। छात्रा को अकेला देख दोनों आरोपियों ने स्थिति का फायदा उठाकर यह दुराचार किया। पुलिस ने बताया कि पीड़ित और आरोपी आठवीं कक्षा के छात्र हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक, 13-14 साल के चार लड़कों ने 13 साल की एक छात्रा को अकेला पाकर कक्षा में बंद कर दिया। इन चार छात्रों में से दो क्लास रूम के बाहर पहरा देते रहे, जबकि अंदर एक ने दुष्कर्म किया और दूसरे ने छेड़छाड़। पुलिस अधिकारी ने आगे बताया कि इस घटना ने छात्रा को पूरी तरह से झकझोर कर रख दिया है। लड़की ने बड़ी मुश्किल से अपनी आपबीती अपने परिवार के सदस्यों के साथ साझा की। लड़की की आपबीती सुनकर परिवार ने तुरंत आरोपी छात्रों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर, लड़कों के खिलाफ IPC की धारा 376 DA (16 साल से कम उम्र की महिला से दुष्कर्म) और POCSO अधिनियम की संबंधित सभी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर एक किशोर को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे दक्षिण मुंबई के डोंगरी स्थित किशोर सुधार गृह भेज दिया और आगे की जांच की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को जांच सौंपी गई है।