ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

हम साथ-साथ…मशाल को मिला प्रकाश का साथ! उद्धव ठाकरे बोले- हमारे नामों का एक इतिहास है…

मुंबई,(राजेश जायसवाल): शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे और वंचित बहुजन आघाडी के अध्यक्ष प्रकाश आंबेडकर ने दोनों दलों के बीच गठबंधन की घोषणा की है। दोनों ने महाराष्ट्र में आगे होने वाले चुनावों को मिलकर लड़ने का ऐलान किया है।
इस मौके पर उद्धव ठाकरे ने दोनों पार्टियों के साथ आने की वजह बताई। उद्धव ठाकरे और प्रकाश आंबेडकर ने Press conference में कई जानकारियां साझा की। Press conference में उद्धव ठाकरे ने कहा कि तानाशाही जनता को अनचाही बहस में रखने और भ्रम में रखने से ही आती है। हम लोकतंत्र को जीवित रखने और संविधान की पवित्रता को बनाए रखने के लिए एक साथ आ रहे हैं। ताकि देश उसी वैचारिक प्रदूषण से मुक्त हो सके।
पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे ने पीएम मोदी पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुंबई आए। बैठक में कौन आया, कहां से लाया गया, क्या बताया गया, इस बारे में हमने सब कुछ देखा और पढ़ा है। उद्धव ने कहा जब चुनाव आते हैं, तो गरीबों का बहिष्कार किया जाता है इसे रोकने की जरूरत है। इसलिए हम साथ आए हैं।

हिटलरशाही रोकने के लिए आए साथ: उद्धव ठाकरे
उद्धव ठाकरे ने कहा, आंबेडकर और ठाकरे नामों का एक इतिहास है। मेरे दादा और प्रकाश आंबेडकर के दादा मिलनसार थे। दोनों ने समाज की कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाई। इस बारे में हमें कुछ और कहने की जरूरत नहीं है। उद्धव ने जवाब दिया कि हम राजनीति की कुरीतियों को तोड़ने के लिए साथ आए हैं। मेरे और प्रकाश आंबेडकर के दादा ने एक दूसरे के साथ काम किया। देश के लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है। देश हिटलरशाही की तरफ जा रहा है। इसे रोकने के लिए शिवसेना और वंचित बहुजन अघाडी ने साथ आने का फैसला किया है।

चुनाव में की जाती है बदले की राजनीति: प्रकाश आंबेडकर
प्रकाश आंबेडकर ने भी पीएम मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव में बदले की राजनीति हो रही है। एक दिन पीएम मोदी का नेतृत्व भी खत्म हो जाएगा। प्रकाश आंबेडकर ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ईडी के जरिए राजनीतिक नेतृत्व को खत्म करने का काम चल रहा है।

शरद पवार मेरे पुराने दुश्मन, लेकिन वो भी आएंगे साथ: प्रकाश आंबेडकर
प्रकाश आंबेडकर ने कहा कि बाबासाहेब आंबेडकर ने संविधान सभा के आखिरी भाषण में कहा था कि देश में सामान्य व्यक्तियों की समस्या को छोड़कर दूसरे विषय की और ध्यान दिया तो लोकतंत्र पर खतरा हो सकता है। बालासाहेब ठाकरे प्रखर देश भक्त थे। प्रकाश आंबेडकर ने कहा, आज हमने एक साथ आने का फैसला किया है। शरद पवार और मेरा पुराना झगड़ा है लेकिन मुझे यकीन है कि वे भी हमारे साथ आएंगे।

एक दिन में ऊब जाएंगे प्रकाश आंबेडकर: चंद्रशेखर बावनकुले
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे ने डॉ बाबासाहेब आंबेडकर के पौत्र प्रकाश आंबेडकर की पार्टी वंचित बहुजन आघाड़ी के साथ गठबंधन कर ली है।
मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनाव से ठीक पहले इस हुए इस गठबंधन को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में काफी चर्चा है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने इस गठबंधन की कड़ी आलोचना की है।
एक निजी मराठी न्यूज चैनल से बात करते हुए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि उद्धव ठाकरे अब लोकतंत्र को समझ गए हैं। कम से कम वे मातोश्री से बाहर तो निकलने लगे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें लोकतंत्र का सबक सिखा दिया है। उद्धव ठाकरे बची हुई शिवसेना के पार्टी प्रमुख बने रहेंगे। लेकिन एक पार्टी के नेता, जो अपने 40 विधायकों को नहीं संभाल सकते, अपना घर नहीं संभाल सकते, मुझे संदेह है कि वे कब तक प्रकाश आंबेडकर के साथ गठबंधन चलाएंगे।

प्रकाश आंबेडकर एक प्रखर नेता हैं, वे क्या निर्णय लेते हैं, यह उनका अधिकार है। लेकिन जो अपना घर नहीं चला सकते, वे कभी भी दूसरों से दोस्ती नहीं निभा पाते। प्रकाश आंबेडकर एक दिन में ऊब जाएंगे। क्योंकि गठबंधन बनाए रखने के लिए मन की महानता चाहिए, गठबंधन बनाए रखने के लिए समर्पण चाहिए। उद्धव ठाकरे के पास समर्पण नहीं है, उनके पास गठबंधन को बनाए रखने के गुण नहीं हैं, इसलिए हमें देखना होगा कि यह गठबंधन कब तक चलेगा?

आशीष शेलार ने किया ये दावा…
अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने उद्धव ठाकरे की शिवसेना पर जोरदार हमला बोला है। भाजपा मुंबई इकाई के अध्यक्ष व विधायक आशीष शेलार ने आरोप लगाया है कि मुंबई महानगरपालिका को लूटनेवाले डकैत ठाकरे गुट के पदाधिकारी हैं।
शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे के जन्मदिन पर 23 जनवरी को मुंबई के षणमुखानंद हॉल में दिए गए उद्धव ठाकरे के भाषण पर तंज कसते हुए शेलार ने कहा कि उद्धव ठाकरे की पार्टी की बैठक में उनका भाषण नाच-गाना था। मुंबई मनपा की जमा पूंजी सुरक्षित रहने का कारण यह है कि भाजपा ने पारदर्शी तरीके से निगरानी की, इसलिए वे उसे लूट नहीं पाए।
पिछले 25वषों में उद्धव ठाकरे की पार्टी का मूल्यांकन किया जाए तो मुंबई मनपा को लूटने वाले डकैत उद्धव ठाकरे की शिवसेना के पदाधिकारी हैं। उद्धव ठाकरे को असफल नेता बताते हुए भजपा नेता शेलार ने कहा कि वे ‘सेठजी’ हैं, केवल बिल्डरों और ठेकेदारों की पैरवी करते हैं।
उद्धव ठाकरे की पार्टी की वैचारिक मनमानी इतिहास में दर्ज हो जाएगी। उद्धव ठाकरे एक असफल नेता हैं। वे अपने परिवार के भाइयों, चचेरे भाइयों को साथ नहीं रख पाए। वो पारिवारिक स्तर पर विफल तो रहे ही, अपनी पार्टी के लोगों को भी साथ नहीं रख पाए। गणेश नाईक से लेकर नारायण राणे तक सभी उन्हीं पर आरोप लगाते हुए निकले।

संजय राउत को लिया आड़े हाथ
आशीष शेलार ने कहा कि दावोस में हुए समझौते के आंकड़े देकर संजय राउत बौखला गए हैं। क्या संजय राऊत अंग्रेजी भी जानते हैं? ठाकरे की शिवसेना और वंचित बहुजन विकास आघाड़ी से हुए गठबंधन पर तंज कसते हुए शेलार ने कहा कि भाजपा की डर से दोनों ने गठबंधन किया है। उन्होंने कहा कि विधानभवन में बालासाहेब ठाकरे के तैलचित्र के अनावरण कार्यक्रम में उद्धव ठाकरे नहीं शामिल हुए, जबकि यह अराजनैतिक कार्यक्रम था।