चुनावी हलचलदिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव: बगावत से जूझ रही कांग्रेस ने पत्रकार आनंद शुक्ल और असलम शेख को दिया टिकट

मुंबई, महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने उम्मीदवारों की तीसरी और चौथी लिस्ट जारी कर दी है जिसमें दो उत्तर भारतीय और एक पंजाबी का नाम शामिल हैं। मालाड पश्चिम से विधायक असलम शेख, घाटकोपर पश्चिम से वरिष्ठ पत्रकार आनंद शुक्ल और वर्सोवा से पिछले चुनाव में पराजित बलदेव खोसा को टिकट दिया गया है। अब तक कांग्रेस कुल 142 उम्मदीवारों की सूची जारी की है। टिकट बंटवारे को लेकर कांग्रेस के अंदर भारी नाराजगी है। प्रिया दत्त के उत्तर मध्य लोकसभा चुनाव क्षेत्र की पांच में से पांचों सीट अल्पसंख्यकों को दी गईं हैं।

गुरुवार को जारी कांग्रेस के उम्मीदवारों की लिस्ट के बाद कांग्रेस के पूर्व मुंबई अध्यक्ष संजय निरुपम ने ट्वीट कर कहा कि शायद पार्टी को अब उनकी सेवाओं की जरूरत नहीं रह गई है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, निरुपम मुंबई में वर्सोवा सीट से रईस लश्कारिया के लिए टिकट चाहते थे। हालांकि, पार्टी ने उनकी इस मांग को खारिज कर दिया। निरुपम के करीबी लोगों ने बताया कि उनकी अभी पार्टी छोड़ने की योजना नहीं है, लेकिन वह कांग्रेस उम्मीदवारों के लिए प्रचार नहीं करेंगे।

टिकट मिलने पर क्या कहा आनंद शुक्ल ने
घाटकोपर पश्चिम विधानसभा-169 सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी व पत्रकार आनंद शुक्ल ने टिकट मिलने पर कांग्रेस अध्यक्षा श्रीमती सोनिया गाँधी, मिलिंद देवरा और मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष एकनाथ गायकवाड का आभार जताया। श्री शुक्ल ने कहा कि कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं को साथ में लेकर यह लड़ाई हम पूरी ताकत से लड़ेंगे और जीतेंगे।