उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़मनोरंजनमहाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

मुरादाबाद धोखाधड़ी मामला: अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा की जांच करेगी मुंबई पुलिस

मुरादाबाद/मुंबई: बॉलीवुड की मशहूर फिल्म अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा धोखाधड़ी मामले में शनिवार को नया मोड़ सामने आया है। मुरादाबाद के एसपी सिटी अमित आनंद ने बताया कि कुछ तकनीकी कारणों की वजह से मुंबई पुलिस को ट्रांसफर किया जा रहा है। एसपी सिटी के मुताबिक अब सोनाक्षी सिन्हा पर दर्ज धोखाधड़ी मामले की जांच बहुत जल्द मुंबई पुलिस को ट्रांसफर करने की कवायद की जा रही है। बता दें कि इससे पहले सोनाक्षी ने मुरादाबाद पुलिस के सामने अपना बयान दर्ज कराया था।

सोनाक्षी पर लगाए गए आरोप झूठे
इस मामले में सोनाक्षी सिन्हा के वकील मुनेश प्रेम जी का कहना है कि आरोप लगाने वाली पार्टी ने एग्रीमेंट की शर्तों का पालन पूरे तरीके से नहीं किया। जिसकी वजह से सोनाक्षी सिन्हा तय कार्यक्रम में नहीं पहुंची थीं। उन पर लगाए गए आरोप झूठे हैं। मुनेश प्रेम जी ने बताया कि दोनों पक्षों में कार्यक्रम के लिए समझौता हुआ था, जिसमें साफ लिखा हुआ था कि अगर समझौते के अनुसार एक भी कमी पाई जाती है तो कार्यक्रम रद्द कर दिया जाएगा।

ये है पूरा मामला
दरअसल, कटघर थाना क्षेत्र के शिवपुरी निवासी प्रमोद शर्मा इंडिया फैशन एंड ब्यूटी अवार्ड नाम से इवेंट कंपनी चलाते हैं। दिल्ली के सीरी फोर्ट ऑडिटोरियम में एक कार्यक्रम के लिए उन्होंने फिल्म अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा के मैनेजर के माध्यम से अनुबंध किया। कार्यक्रम से ठीक पहले ही सोनाक्षी सिन्हा ने उसमें परफार्म करने से इनकार कर दिया। जबकि इस कार्यक्रम के लिए सोनाक्षी को 36 लाख रुपए का भुगतान किया जा चुका था।इस पर प्रमोद शर्मा ने फरवरी 2019 में कटघर थाने में सोनाक्षी सिन्हा सहित पांच आरोपियों के खिलाफ अपराधिक साजिश रचने, विश्वासघात करने, धोखाधड़ी और मिलीभगत कर 36 लाख रुपये लेने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था।