ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई: BMC का फैसला- पानी के जहाज पर भी बनेंगे क्वारंटाइन वार्ड

मुंबई: बृहन्मुंबई महानगरपालिका आयुक्त प्रवीण परदेशी ने शहर की खाली पड़ी इमारतों एवं सार्वजनिक स्थलों के साथ-साथ मुंबई के आसपास खड़े पानी के जहाजों को भी क्वारंटाइन वार्ड बनाने के लिए अधिग्रहण करने का निर्णय लिया है। यह फैसला महाराष्ट्र में कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए किया गया है। महाराष्ट्र में 24 घंटे में कोरोना के 77 नए रोगियों की पहचान हुई है। इनमें 59 मुंबई के हैं।
परदेशी ने महानगरपालिका के सभी वार्डो के सहायक आयुक्तों को आदेश दिए हैं कि वे अपने क्षेत्रों में खाली पड़ी इमारतों, लॉज, होटल, धर्मशाला, क्लब, प्रदर्शनी केंद्र, कॉलेज, हॉस्टल, डॉरमेट्री, जिमखाना, बैंक्वेट हॉल, शादी के हॉल सहित समुद्र में खड़े बोट एवं अन्य निजी जहाजों का भी तत्काल प्रभाव से अधिग्रहण कर लें। आवश्यकता पड़ने पर इन सारे स्थानों का उपयोग उन लोगों के लिए क्वारंटाइन वार्ड बनाने के लिए किया जाए, जो किसी कोविड-19 संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आए हैं, लेकिन अभी उनमें इसके लक्षण नहीं दिखाई दे रहे हैं। इन स्थानों पर भोजन एवं अन्य जरूरी सामान की आपूर्ति भी मनपा सहायक आयुक्तों के जिम्मे ही होगी। यह कदम अत्यंत घनी आबादी में रह रहे लोगों में इस बीमारी का प्रसार रोकने के लिए उठाया गया है।
बता दें कि महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों के अंदर ही 77 नए रोगियों की पहचान होने से राज्य में कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या 302 पर पहुंच गई है। अचानक बढ़ी संख्या ने राज्य प्रशासन को चिंता में डाल दिया है।