मनोरंजनमहाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई: पाक में शो करने के सवाल पर मीडिया पर भड़के मीका, कहा- सोनू निगम से कुछ क्यों नहीं कहते?

मुंबई, पाकिस्तान में इवेंट करने को लेकर हुए विवाद पर गायक मीका सिंह ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपनी सफाई दी। उन्होंने कहा कि उनका पाकिस्तान जाना और इसी दौरान अनुच्छेद 370 का हटना महज संयोग था। मीका बोले अगर उन्होंने गलती की है तो वे देश से माफी मांगते हैं। लेकिन, इसी दौरान जब मीडिया ने उनसे और सवाल पूछे तो मीका भड़क उठे। उन्होंने कहा- कुछ महीने पहले सोनू निगम ने भी वहां शो किया था, उनसे कुछ क्यों नहीं पूछते?
मीडिया के सवालों पर भड़के मीका: मीका ने कहा- कुछ महीने पहले नेहा कक्कड़, सोनू निगम ने आतिफ असलम के साथ वहां शो किए थे। तब आपने उस वक्त कुछ क्यों नहीं कहा? सिर्फ मैं अकेला ही क्यों पकड़ा गया। क्या यह इसलिए है कि आप मुझसे पूछेंगे और यह खबर बन जाएगी।
कुछ देर पहले मांगी थी माफी: इस विवाद के पहले मीका ने इवेंट करने पर सफाई दी थी। मीका के साथ ‘फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्पलाइज’ के अध्यक्ष बीएन तिवारी और अशोक पंडित भी मौजूद थे। फेडरेशन और देश से माफी मांगने के बाद उन पर लगा प्रतिबंध फेडरेशन ने हटा लिया है। मीका ने यह भी कहा था कि क्लाइंट के साथ पुराने कमिटमेंट के कारण ही वे कराची गए थे।
क्या था मामला: पाकिस्तान के अरबपति कारोबारी अदनान असद की बेटी की शादी में मीका सिंह ने 8 अगस्त परफॉर्म किया था। इस बात का खुलासा हाेने के बाद फेडरेशन ने मीका सिंह पर बैन लगा दिया था। मीका ने फेडरेशन को खत लिखकर माफी मांगी और कहा था कि हमारा पक्ष सुनने तक कोई एक्शन न लें।