ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरशहर और राज्यसामाजिक खबरें

‘लालबागचा राजा’ का दरबार पूरी तरह से सजकर तैयार, कई घंटे लाइनों में लगकर भक्तगण करते हैं राजा का दर्शन

मुंबई, देशभर में 2 सितंबर को गणेश चतुर्थी का त्योहार मनाया जाएगा। इससे पहले शुक्रवार देर शाम को मुंबई के प्रसिद्ध लालबागचा राजा की पहली झलक भक्तों के सामने आई। हर बार की तरह इस बार भी लालबाग राजा के पंडाल को भव्य तरीके से सजाया गया है। ‘लालबागचा राजा’ का दरबार पूरी तरह से सजकर तैयार हो चुका है। आज शाम को मिडिया के लिए ‘लालबागचा राजा’ का फोटो सेशन रखा गया।

स्पेस में घूमते दिखे बप्पा
बता दें कि इस बार लालबाग के राजा को स्पेस में बैठा हुआ दिखाया गया है। उनकी प्रतिमा के चारों तरफ ग्रह और एस्ट्रोनॉट घूमते दिखाई दे रहे हैं। आयोजकों का कहना है कि इस बार पंडाल को ‘चंद्रयान-2’ थीम देने का प्रयास किया गया है। यह मुंबईकरों में धार्मिक महत्त्व के साथ ही देश की विकास यात्रा को प्रदर्शित करेगी। 2सितंबर को इस प्रतिमा की स्थापना की जाएगी। इसके बाद अगले 10 दिन तक उनकी पूजा-आरती की जाएगी।
मुंबई में लालबाग के राजा की प्रतिमा सबसे बड़ी और भव्य होती है। अनंत चतुर्दशी को लालबागचा राजा का महाजुलूस निकलेगा और उन्हें मुंबई की गिरगांव चौपाटी पर विसर्जित किया जाता है। जहाँ लाखों गणेशभक्त अपने राजा की विदाई देने सड़कों पर उतर उनके साथ पैदल चलकर गिरगांव चौपाटी पहुँचते हैं। उनका विसर्जन होते-होते सुबह हो जाती है।
गौरतलब है कि इनकी प्रसिद्धि के चर्चे इतने ज्यादा हैं कि लाखों गणेशभक्त यहां दूर- दूर से दर्शन करने आते हैं। लालबागचा राजा की मूर्ति लालबाग मार्किट की पतली गली से निकलते हुए लालबागचा राजा सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडली स्थल पर सजाई जाती है।

व्यापारियों ने की स्थापना
एक जमाने में मुंबई के लालबाग के व्यापारियों का कारोबार घाटे में चलता था। व्यापारी चाहते थे कि लालबाग के एक खुली जगह पर भी बाजार लगे। कहते हैं इसी इच्छा के साथ कुछ व्यापारियों ने लालबाग के राजा के पंडाल की स्थापना की थी। लालबाग के राजा की मूर्ति स्थापित हो जाने के बाद व्यापारियों की मनोकामना पूरी होने में वक्त नहीं लगा। इसके बाद से ही यहां लालबाग के राजा की स्थापना हर साल होने लगी। लालबाग के गणपति का उत्सव साल दर साल और भव्य होता जा रहा है।
गणेश चतुर्थी से लेकर पूरे दस दिन यहां इतनी ज्यादा भीड़ होती है लेकिन लालबागचा राजा की एक झलक पाने के लिए भक्तगण कई घंटों लाइनों में लगकर राजा का दर्शन करते हैं। आप लालबागचा राजा के दर्शन के लिए ललायित हों कि इससे पहले हम आपको उनके पहले दर्शन करवा रहे हैं…गणपति बाप्पा मोरया… मंगल मूर्ती मोरया !