varanasi latest news
नेटवर्क महानगर/वाराणसी
वाराणसी पुलिस ने आगामी त्योहारों के दौरान किसी भी संभावित हादसे को रोकने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अवैध पटाखा निर्माण और भंडारण के विरुद्ध विशेष अभियान शुरू किया है। इसी कड़ी में शनिवार, (11 अक्टूबर) को पुलिस ने बड़ागांव थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पटाखा फैक्ट्री पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में अवैध पटाखे बरामद किए गए।
वाराणसी पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देशन में चल रहे इस विशेष अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त (DCP) गोमती ज़ोन आकाश पटेल तथा अपर पुलिस उपायुक्त (ADCP) गोमती ज़ोन वैभव बांगर के नेतृत्व में थाना बड़ागांव पुलिस टीम ने सर सैयद अहमद रोड (पूरबपुर), काजी सराय स्थित “बनारस फायर वर्क्स” फैक्ट्री पर छापा मारा गया।
जांच के दौरान पुलिस टीम को फैक्ट्री परिसर में गंभीर अनियमितताओं द्वारा फैक्ट्री चलाने का प्रमाण मिला। फैक्ट्री संचालक द्वारा लाइसेंस में निर्धारित सीमा से कई गुना अधिक मात्रा में पटाखों का भंडारण किया गया था, जो सुरक्षा मानकों का खुला उल्लंघन था। पुलिस ने मौके से अवैध रूप से रखे गए बड़ी मात्रा में पटाखों को जब्त कर लिया है।
प्राथमिक जांच में यह भी पाया गया कि फैक्ट्री परिसर में सुरक्षा उपायों का अभाव था, न फायर सेफ्टी उपकरण मौजूद थे और न ही किसी आपात स्थिति से निपटने की कोई व्यवस्था। यह स्थिति किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी। पुलिस ने इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की।
पुलिस उपायुक्त गोमती ज़ोन आकाश पटेल ने बताया कि त्योहारों के समय किसी भी प्रकार की दुर्घटना या जनहानि की संभावना को पूरी तरह समाप्त करने के लिए अवैध पटाखा निर्माण एवं भंडारण पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। जिन लोगों द्वारा कानून का उल्लंघन किया जाएगा, उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विस्फोटक पदार्थ अधिनियम तथा अन्य प्रासंगिक धाराओं के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
