नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई एयर कस्टम्स जोन-3 के अधिकारियों ने 8 से 11 अक्टूबर 2025 के बीच छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे अंतरराष्ट्रीय नशा व वन्यजीव तस्करी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 44 किलो हाइड्रोपोनिक वीड व दुर्लभ विदेशी जीव जब्त कर 9 यात्रियों को गिरफ्तार किया है। इन संयुक्त अभियानों में कुल आठ अलग-अलग मामले दर्ज किए गए, जिनमें 44 किलोग्राम से अधिक हाइड्रोपोनिक वीड और दुर्लभ विदेशी वन्यजीव प्रजातियां बरामद की गईं। इन जब्त वस्तुओं की कुल कीमत 43 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।
पहले मामले में, फुकेट से मुंबई आए एक यात्री की तलाशी में उसके बैगेज से 11.519 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग ₹11.51 करोड़ थी। दूसरा मामला बैंकॉक से आए यात्री का था, जिसके ट्रॉली बैग से 9.842 किलोग्राम नशीला पदार्थ मिला, जिसकी कीमत लगभग ₹9.84 करोड़ थी। तीसरे मामले में, फुकेट से आए दो यात्रियों के पास से 2.017 किलोग्राम वीड बरामद हुई, जबकि चौथे मामले में बैंकॉक से आए एक यात्री से 2.003 किलोग्राम वीड मिली। पांचवें मामले में कुआलालंपुर से आए एक यात्री के बैग से 8.87 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड, छठे मामले में बैंकॉक से आए एक यात्री से 8 किलोग्राम, और सातवें मामले में फुकेट से आए दो यात्रियों के पास से 1.761 किलोग्राम नशीला पदार्थ बरामद हुआ।
ट्रॉली बैगों में बारीकी से छिपा कर हो रही थी तस्करी
इन सभी मामलों में यात्रियों ने नशीले पदार्थों को अपने चेक-इन ट्रॉली बैगों में बारीकी से छिपाया हुआ था, जिससे वे कस्टम जांच से बच सकें। लेकिन कस्टम अधिकारियों की सटीक प्रोफाइलिंग, खुफिया जानकारी और सतर्कता के कारण ये प्रयास नाकाम रहे। सभी यात्रियों को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंसेस एक्ट, 1985 (NDPS Act) के तहत गिरफ्तार किया गया है।
