Uncategorised

अहमदाबाद: महिला में थाने में की शिकायत, मेरा पति अवैध संतान, ससुर नहीं, उनके दोस्त से अफेयर का नतीजा!

अहमदाबाद: गुजरात के अहमदाबाद में महिला थाने की पुलिस ने आईपीसी (भारतीय दंड संहिता) की धारा 498 (ए), 294 (बी) 323 और 114 के तहत एक केस दर्ज किया है। दहेज के इस केस में पत्नी ने यह भी आरोप लगाया है कि उसका पति अवैध संतान है! उसकी सास का ससुर के दोस्त के साथ अफेयर था और उन्ही से उसके पति का जन्म हुआ। पुलिस ने 25 वर्षीय महिला की शिकायत पर छह लोगों को आरोपी बनाकर मामले में जांच शुरू कर दी है। आरोपियों में महिला का पति, उसकी सास और उनका कथित प्रेमी भी शामिल है।
महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि उकी जनवरी 2018 में शादी हुई थी। शादी के बाद उसकी सास ने उसे बताया कि उनका बेटा ससुर का नहीं बल्कि उनके दोस्त की संतान है। महिला का आरोप है कि उसकी सास का ससुर के दोस्त के साथ अफेयर है। दोनों के अफेयर का नतीजा उसका पति है।

शराब पार्टी के बाद बनाते हैं संबंध
पुलिस ने बताया कि महिला ने अपनी सास और उसके प्रेमी पर शराब पीने और अकसर उनके घर पर पार्टियों का आयोजन करने का भी आरोप लगाया है। पार्टी के बाद दोनों के बीच शारीरिक संबंध होने की बात भी कही गई है।

दहेज के लिए करते थे प्रताड़ित
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उसकी शादी के तुरंत बाद ही उसकी शादी में परेशानी शुरू हो गईं। उसकी भाभी घर आतीं तो उसे ताना दिया जाता कि वह अपने साथ कोई दहेज नहीं लाई है। महिला का आरोप है कि उसका पति भी उसके ऊपर दबाव बनाता था कि वह अपने माता-पिता के नाम पर जो मकान है वह पति के नाम पर करवाए।

गर्भवती होने पर लिंग परिक्षण का बनाया दबाव
महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि गर्भवती होने के बाद, उसके ससुराल वालों ने उसे प्रसव पूर्व लिंग परीक्षण के लिए मजबूर करने की कोशिश की। उसने इनकार किया तो उसे पीटा गया। बाद में शिकायतकर्ता ने एक बच्ची को जन्म दिया। एक पुलिस सूत्र ने कहा कि शिकायतकर्ता ने यह भी कहा कि उसकी सास का प्रेमी उससे कहता था कि उसे अपने माता-पिता के साथ संबंध बनाए रखने की जरूरत नहीं है क्योंकि उन्होंने दहेज में उसे कुछ भी नहीं दिया।

बेटी को पीटकर घर से निकाला
शिकायतकर्ता ने कहा कि जनवरी में, उसका पति अपनी बेटी को अपनी सास के पास ले गया। सास और उसका प्रेमी शराब पार्टी कर रहे थे और जब वे लौटे तो उनकी बेटी को सिगरेट और शराब की बदबू आ रही थी। जब उसने इस बारे में विरोध किया, तो उसके पति ने उसे पीटा और घर से निकाल दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जाँच में जुट गई है।