ठाणेब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्र

आदित्य का दावा- उद्धव के कंधे पर रोए थे शिंदे: भाजपा से बचाने की, की थी गुजारिश; महीने भर बाद उनके समर्थन से बन गए सीएम!

मुंबई: महाराष्ट्र के पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे के बेटे और शिवसेना (UBT) के नेता आदित्य ठाकरे ने दावा किया है कि महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे उद्धव ठाकरे के कंधे पर सिर रखकर रोए थे।आदित्य ने कहा कि शिंदे 22 मई 2022 को ‘मातोश्री’ आए थे। उन्होंने उद्धव से कहा था कि भाजपा उन्हें झूठे मामलों में फंसाकर जेल भेज देगी। वे उन्हें भाजपा से बचा लें। आदित्य ने कहा कि महीनेभर बाद ही शिंदे भाजपा के साथ मिल गए और सीएम बन गए। आज उनके पास सब कुछ है, लेकिन फिर भी वे रोते रहते हैं।
दरअसल, एकनाथ शिंदे 17 फरवरी को कोल्हापुर में शिवसेना के अधिवेशन में बोल रहे थे। उन्होंने रोते हुए कहा कि एक पिता-पति के रूप में वे फेल रहे। मैं जब घर जाता था, तो बच्चे सो चुके होते थे। मैं अपने बेटे से हर महीने नहीं मिल पाता था।

शिंदे का ये बयान उनके बेटे और सांसद श्रीकांत शिंदे के बयान के बाद आया था। श्रीकांत ने कहा था- मेरे पिता काम में इतने व्यस्त रहते थे कि उनके पास परिवार के लिए कभी समय नहीं रहा। मैं मां से शिकायत करता था कि पापा मुझे समय नहीं देते। श्रीकांत कल्याण लोकसभा सीट से शिवसेना के सांसद हैं। सांसद रहते उन्होंने ऑर्थोपेडिक्स से पोस्ट ग्रेजुएट (MS) किया और डॉक्टर बनें।

मेरे बेटे के पास मुझसे जुड़ी कोई याद नहीं!
बेटे की बातों पर एकनाथ शिंदे ने कहा- श्रीकांत के पास हमसे जुड़ी कोई यादें नहीं है। अगर कोई उनसे उनके माता-पिता के साथ गुजारे बचपन की यादों के बारे में पूछे तो वह बता नहीं सकते। जब उन्होंने MBBS किया तब भी मैं नहीं गया। उन्हें (श्रीकांत को) एक शिक्षित युवा के रूप में राजनीति में लाया गया। उन्होंने सांसद बनने के बाद MS की पढ़ाई पूरी की।

इससे पहले शिंदे ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक भी पोस्ट किया था। इसमें उन्होंने लिखा- ‘शिवसेना’ मेरी सब कुछ थी, शिवसैनिक मेरे परिवार थे। मैंने अपने पूरा जीवन उनके लिए काम किया। मुझे नहीं पता था कि आगे क्या होगा? मैं हमेशा आगे की सोच रखने वाला हूं। मैंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।

शिंदे के नेतृत्व में पिछड़ रहा महाराष्ट्र: आदित्य ठाकरे
पूर्व मंत्री व विधायक आदित्य ठाकरे ने आरोप लगाया कि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में महाराष्ट्र विकास के मामले में बाकी राज्यों से पिछड़ रहा है। महाराष्ट्र में बेरोजगारी बढ़ रही है। पिछले साल एक भी नया उद्योग स्थापित नहीं हुआ। नौकरी के कोई अवसर नहीं हैं। शिंदे सरकार अपने स्वार्थ को प्राथमिकता देते हुए आम नागरिकों की उपेक्षा कर रही है।

आदित्य ने कहा कि शिंदे एक शिवसैनिक के साथ-साथ एक इंसान के रूप में भी विफल हैं। आदित्य ने आरोप लगाया कि ED, IT, CBI जैसी केंद्रीय जांच एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्ष और शिवसैनिकों को निशाना बनाने के लिए किया जा रहा है।

आदित्य ठाकरे शिंदे के गढ़ ठाणे के जिजामाता नगर में शिवसेना (UBT) की शाखाओं का दौरा करने पहुंचे थे। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आदित्य ने शिंदे की बोलने की नकल करते हुए कहा कि विश्वासघातियों ने शिवसेना छोड़ दी है, लेकिन ठाणे के असली सैनिक हमारे साथ हैं।