उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़मुंबई शहर

आम्रपाली दुबे के होटल कमरे में हुआ कुछ ऐसा की सब रह गए दंग! एक्ट्रेस बोलीं- डर गई थी

मुंबई/अयोध्या: भोजपुरी सिनेमा की मशहूर अदाकारा अम्रपाली दुबे के साथ रामनगरी अयोध्या के एक होटल से लाखों का सामान चोरी हो गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के अंदर ही भोजपुरी अभिनेत्री आम्रपाली दुबे का सारा सामान बरामद कर लिया। पुलिस ने चोरों को भी गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद अब अभिनेत्री आम्रपाली ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। आम्रपाली दुबे ने इस कार्रवाई पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए अयोध्या पुलिस, प्रशासन और राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अभिनेत्री ने बताया कि मेरा अलार्म नहीं बजा था। मैं चेक करने के लिए उठी तो देखा कि मेरा फोन नहीं था। मेरी मम्मी का भी फोन गायब था। फिर, मम्मी ने बताया कि उनका पर्स भी गायब है। मुझे चोरी का शक हुआ। मैं बहुत डर गई। मैंने तुरंत ही रिसेप्शन पर जाकर इस घटना की जानकारी दी। पुलिस ने तुरंत आकर सीसीटीवी कैमरे की जांच की।
आम्रपाली दुबे ने पुलिस की तारीफ करते हुए कहा कि मुझे लगा नहीं था कि 24 घंटे के अंदर ही सामान मिल जाएगा। गुरुवार सुबह 9 बजे के करीब मैंने शिकायत की। अगले दिन सुबह आठ बजे कॉल कर बताया गया कि चोरी के सामान मिल गए हैं। पर्स से एक भी सामान गायब नहीं था। सोने के गहने भी सही सलामत था। मेरा पूरा सामान 22 से 25 लाख के आसपास का था। मुझे इतनी जल्दी कार्रवाई होने की उम्मीद नहीं थी। मैं पुलिस और सीएम योगी आदित्यनाथ जी का धन्यवाद करती हूं। आम्रपाली दुबे भोजपुरी इंडस्ट्री की बड़ी स्टार हैं। उनकी हर फिल्म रिलीज होते ही फैंस की फेवरेट बन जाती है।

ऐसे हुई थी चोरी?
दरअसल, इन दिनों भोजपुरी अभिनेत्री अम्रपाली दुबे अपनी फिल्म विवाह-3 की शूटिंग और निजी कार्यक्रमों में सम्मिलित होने के लिए अयोध्या में ही अपने परिवार के साथ मौजूद हैं। उनके साथ फिल्म में विलेन का रोल निभा रहे अवधेश मिश्रा, प्रदीप पांडे और आजमगढ़ के सांसद और अभिनेता दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ शूटिंग कर रहे हैं।

अयोध्या के पुलिस अधीक्षक मधुबन सिंह ने बताया कि सिविल लाइन स्थित शहर के मशहूर होटल ‘शाने अवध’ में अम्रपाली दुबे अपनी मां और पिता के साथ बीते कई दिनों से रह रही हैं, उनके साथ परिवार के कई अन्य सदस्य भी होटल में मौजूद थे। अम्रपाली होटल की चौथी मंजिल पर रुकी हुई हैं। वे अपना कमरा बंद करना भूल गई थीं। इसी दौरान उनका लाखों का सामान चोरी हो गया। पुलिस ने 24 घंटे के अंदर ही इस चोरी का खुलासा किया। पुलिस ने आरोपी पिता गोपाल और बेटा कुमार को गिरफ्तार कर लिया। ये लोग तमिलनाडु के रहने वाले हैं। ये दोनों आरोपी अक्सर होटल के कमरों की रेकी करते थे। जिन कमरों के दरवाजे खुले होते थे, उन कमरों में चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।

16 पुलिसकर्मियों ने ढूंढा चोरी गया सामान
CCTV के आधार पर चोरों तक पहुंचने के लिए 16 पुलिसकर्मियों की टीम बनाई गई थी। 24 घंटे के अंदर पुलिस ने चोरी के सारे सामान बरामद किए हैं। जो सामान बरामद हुए हैं उनमें एक सोने का हार, दो सोने का कंगन, दो झुमका, सोने की दो लॉकेट के साथ चेन, सात सोने और हीरे की अंगूठी, तीन मोबाइल, दो घड़ी, 2905 रुपए और एक पर्स है।