Uncategorisedउत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़शहर और राज्य

औराई में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत!

घोसिया (भदोही): औराई के माधोसिंह बाजार के पास मंगलवार की रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से जावेद अली (31) की मौत हो गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते तब तक चालक वाहन सहित वाराणसी की ओर भाग निकला। जानकारी मिलते ही स्वजन अस्पताल पहुंच गए। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मिली जानकारी के मुताबिक, जेठूपुर गांव निवासी पोड़ई के पुत्र जावेद अली ने नई बाइक खरीदी थी। मंगलवार को बैंक में पैसा जमा करने के लिए गोपीगंज गया था। वह देर रात घर लौट रहा था। माधोसिंह बाजार में ओवरब्रिज के पास पहुंचा था कि पीछे से आ रहे वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। अंधेरा होने के कारण वाहन चालक भाग निकला। स्थानीय लोगों की मदद से उसे औराई सीएचसी पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस की सूचना पर मां और पत्नी अस्पताल पहुंच गई। उनका रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक जावेद चार भाइयों में सबसे बड़ा था।