ब्रेकिंग न्यूज़शहर और राज्य

किसान आंदोलन: राकेश टिकैत बोले- भारत बंद सफल रहा, संयुक्त किसान मोर्चा बनाएगा अगली रणनीति

नयी दिल्ली: आज किसानों का भारत बंद है। भारत बंद को लेकर दिल्ली से सटी सीमाओं, पंजाब, बिहार समेत देश के कई राज्यों में किसान आंदोलन कर रहे। भारत बंद को किसानों के अलावा कई राजनीति दलों और सामाजिक संगठनों का समर्थन है। तीनों कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के आंदोलन का नेतृत्व करने वाले 40 से अधिक किसान संगठनों के निकाय संयुक्त किसान मोर्चा ने आज भारत बंद का आह्वान किया है। अनेक सामाजिक संगठनों और राजनैतिक दलों ने भारत बंद का समर्थन किया है।
इस दौरान दिल्ली से सटी सीमाओं जैसे-गाजीपुर, सिंघु, शंभू बार्डर पर किसान विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। कई जगहों पर रोड जाम किया गया है। इसकी वजह से ट्रैफिक डायवर्ट भी किया गया है। इसके अलावा कई राज्यों में भी विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं।भारत बंद को लेकर ये तय किया गया है कि इस दौरान किसान रास्तों और हाईवे पर धरना देंगे। सरकारी दफ्तरों के सामने प्रदर्शन होगा। भारत बंद की वजह से दिल्ली में कई रास्तों का बंद किया गया है तो कई जगह रूट डायवर्ट किया गय़ा है। इंमरजेसी सेवा को छोड़कर सभी चीजों को बंद करेंगे।

भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि भारत बंद पूर्ण रूप से सफल रहा। आगे की रणनीति संयुक्त किसान मोर्चा बनाएगा। टिकैत ने कहा कि हमारा ‘भारत बंद’ सफल रहा। हमें किसानों का पूरा समर्थन मिला…हम सब कुछ सील नहीं कर सकते क्योंकि हमें लोगों की आवाजाही को सुविधाजनक बनाना है। हम सरकार से बातचीत के लिए तैयार हैं, लेकिन कोई बातचीत नहीं हो रही है।
उन्होंने आगे कहा कि उन्होंने (योगी आदित्यनाथ) ने घोषणापत्र में गन्ने का मूल्य बढ़ाकर 375-450 रुपये करने का वादा किया था, फिर भी उन्होंने केवल 25 रुपये ही बढ़ाए। उन्हें हुए नुकसान का हिसाब देना चाहिए। सरकार पूरी तरह से फेल हो चुकी है। एमएसपी दरों पर नहीं बिक रही फसलें।

सिंघु बार्डर पर एक किसान की मौत
किसानों के भारत बंद के दौरान दिल्ली-हरियाणा के सिंघु बार्डर पर एक किसान की मौत हो गई है। हालांकि, दिल्ली पुलिस का कहना है कि किसान की मौत हार्ट अटैक की वजह से हुई है।

दिल्ली कांग्रेस प्रमुख को गुस्साए किसानों ने लौटाया
गाजीपुर सीमा पर कुछ आंदोलनकारी किसानों ने दिल्ली कांग्रेस प्रमुख अनिल चौधरी को उनके विरोध स्थल से जाने के लिए कहा। वह उनके साथ शामिल होने आए थे। किसान संगठनों ने तीन कृषि कानूनों को लेकर आज भारत बंद का आह्वान किया है।

मुंबई में भारत बंद का कोई असर नहीं
मुंबई में सोमवार को वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में कामकाज और स्थानीय परिवहन सेवाएं सामान्य रहीं और केंद्र के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसान यूनियनों द्वारा बुलाए गए भारत बंद के मद्देनजर मुंबई पुलिस ने भी प्रमुख चौराहों और सड़कों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात नहीं किया है। अधिकारियों ने बताया कि शहर में अब तक कोई बड़ा प्रदर्शन या कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि दुकानें और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान हमेशा की तरह खुले रहे और यातायात सामान्य रहा।