दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

राज्यसभा उपचुनाव: कांग्रेस की रजनी निर्विरोध निर्वाचित! बीजेपी प्रत्याशी ने वापस लिया नामांकन

मुंबई: राज्यसभा की एक सीट पर होने वाले उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार संजय उपाध्याय ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। इससे कांग्रेस उम्मीदवार रजनी पाटील राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हो गई हैं।
सोमवार को उम्मीदवारों के नामांकन वापस लेने के आखिरी दिन भाजपा प्रत्याशी संजय उपाध्याय ने अपना पर्चा वापस ले लिया। इसके साथ ही उपचुनाव निर्विरोध कराने की कांग्रेस की कोशिश को कामयाबी मिल गई। रजनी दूसरी बार राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुई हैं। जबकि वे एक बार लोकसभा की सदस्य रह चुकी हैं। प्रदेश के बीड़ से आने वाले रजनी पाटील जम्मू-कश्मीर की कांग्रेस प्रभारी हैं। उनका राज्यसभा में कार्यकाल 2 अप्रैल 2026 तक रहेगा। कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य रहे राजीव सातव के निधन के कारण रिक्त हुई सीट पर यह उपचुनाव हुआ है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील ने कहा कि कांग्रेस ने उपचुनाव निर्विरोध कराने के लिए आग्रह किया था। राज्य में सदन के किसी सदस्य के निधन के बाद होने वाले उपचुनाव को निर्विरोध कराने की परंपरा रही है। इसके मद्देनजर प्रदेश भाजपा की कोर कमेटी के सदस्यों के साथ चर्चा के बाद पार्टी ने उम्मीदवारी वापस लेने का फैसला लिया। इसके पहले बीते 23 सितंबर को प्रदेश के राजस्व मंत्री तथा कांग्रेस के विधानमंडल दल नेता बालासाहेब थोरात और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात करके भाजपा प्रत्याशी उपाध्याय का पर्चा वापस लेने के लिए आग्रह किया था।

दूसरी बार उपचुनाव में निर्विरोध चुनी गईं रजनी
कांग्रेस उम्मीदवार रजनी पाटील राज्यसभा के लिए दूसरी बार निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं। रजनी को कांग्रेस के सासंद राजीव सातव के निधन के कारण रिक्त हुई सीट पर राज्यसभा में दूसरी बार जाने का मौका मिला है। इसके पहले कांग्रेस के पूर्व केंद्रीय मंत्री विलासराव देशमुख के निधन के बाद रिक्त सीट हुई राज्यसभा की सीट पर उपचुनाव में कांग्रेस ने रजनी को टिकट दिया था। उस उपचुनाव में भी रजनी निर्विरोध निर्वाचित हुई थीं। निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद रजनी पाटील ने कहा कि भाजपा ने बड़ा दिल दिखाते हुए अपने उम्मीदवार का नामांकन वापस लिया है। मैं भाजपा का आभार व्यक्त करती हूं। उन्होंने कहा कि मुझ पर विश्वास जताने के लिए कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के प्रति मैं आभार प्रकट जताती हूं।