दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

गृहमंत्री अमित शाह ने सपरिवार किया ‘लालबाग के राजा’ के दर्शन, शिंदे व फडणवीस भी रहे मौजूद

मुंबई,(राजेश जायसवाल): केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोमवार को मुंबई में सपरिवार ‘लालबाग के राजा’ के दर्शन करने किये। अमित शाह अपनी पत्नी सोनल, बहू ऋषिता और पोतियों के साथ ‘लालबागचा राजा’ के दरबार में पहुंचे थे। गृहमंत्री शाह के साथ महाराष्ट्र के मुंख्यमंत्री एकनाथ शिंदे व उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले, मुंबई अध्यक्ष आशीष शेलार, सांसद मनोज कोटक भी मौजूद रहे। इस दौरान शाह ने विधि-विधान से भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना कर आर्शीवाद लिया।

गृहमंत्री अमित शाह ‘लालबागचा राजा’ के दरबार में पूरी सुरक्षा के साथ पहुंचे और वीआईपी लाइन से निकलकर गणपति बप्पा के दर्शन किए। उन्होंने ‘राजा’ के चरणों में पुष्पांजलि अर्पित की। फिर उनकी पत्नी, बहू और पोती ने भगवान गणेश की प्रार्थना की। उनकी पोती जब बप्पा को नहीं छू पाई तो उन्होंने धीरे से उसका हाथ खींचा और फूल चढ़ाने में मदद की। इस वक्त शाह के चेहरे पर मुस्कान भी दिखी। ‘दर्शन’ खत्म होने के बाद, शाह परिवार ने फोटो भी खिंचवाए। इस दौरान लालबागचा राजा ट्रस्ट के अध्यक्ष बाला कांबले, सुधीर साल्वी ने उन्हें पुस्तक भेंट की। उनके साथ कई अन्य पदाधिकारी भी प्रसन्न दिखे।

बता दें कि गृहमंत्री अमित शाह दो दिन के लिए महाराष्ट्र दौरे पर हैं। गृहमंत्री लालबाग से सीधे बांद्रा पश्चिम पहुंचे, और यहां ‘बांद्रा पश्चिम सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल’ द्वारा स्थापित भगवान गणपति के दर्शन किए। उनके साथ उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, मुंबई भाजपा के अध्यक्ष आशीष शेलार भी मौजूद रहे। इस मंडल ने इस वर्ष काठमांडू के प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर जैसा गणेश पंडाल बनाया है। इसके बाद अमित शाह उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के ‘सागर’ बंगले पर स्थापित श्री गणेश की पूजा-अर्चना की। साथ ही अमित शाह ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के आधिकारिक आवास ‘वर्षा’ पर विराजमान श्री गणेश के दर्शन किये।

गृहमंत्री शिक्षक दिवस के अवसर पर आज शाम पवई में नाईक चैरिटेबल ट्रस्ट के ए एम नाईक स्कूल का उद्घाटन भी करेंगे। बताया जा रहा है कि इस दौरान वह कई कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। वह रविवार रात को ही मुंबई पहुंचे थे।
मुंबई में गणेश उत्सव के दौरान भाजपा के अहम रणनीतिकार अमित शाह का दौरा ऐसे वक्त में हो रहा है जब दो महीने बाद बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) का चुनाव होना है।
महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फड़णवीस की सरकार बनने के बाद अमित शाह का यह पहला मुंबई दौरा है। माना जा रहा है कि अमित शाह आने वाले बीएमसी चुनावों में उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना को सत्ता से उखाड़ फेंकने की रणनीति पर स्थानीय नेताओं के साथ चर्चा करेंगे।
गौरतलब है कि बृहन्मुंबई महानगरपालिक (बीएमसी) के चुनाव अक्टूबर के अंत या नवम्बर में कराये जाने की संभावना है। फिलहाल, बीएमसी में कई सालों से उद्धव ठाकरे की शिवसेना काबिज है। यही वजह है कि अमित शाह के इस दौरे पर सबकी नज़रें टिकीं हुई हैं।