ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

केंद्रीय मंत्री नारायण राणे बोले- मुंबई में उद्धव ठाकरे का कोई अस्तित्व नहीं, रमेश लटके को लेकर दिया ये बयान?

मुंबई: केंद्रीय मंत्री नारायण राणे ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि मुंबई में उद्धव ठाकरे का अस्तित्व खत्म हो गया है। अंधेरी में हो रहे विधानसभा के उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) भारी मतों से जीतेगी। इसके अलावा मुंबई नगर निगम चुनाव व लोकसभा चुनाव में उद्धव ठाकरे को एक भी सीट नहीं मिलेगी।
उन्होंने दिवंगत शिवसेना नेता रमेश लटके को लेकर भी बड़े बयान दिए। नारायण राणे ने कहा कि अगर रमेश लटके आज मौजूद होते, तो शिंदे समूह में होते। हम जरूर जीतेंगे…मुरजी पटेल ने मुंबई में अंधेरी उपचुनाव में अपना आवेदन पत्र दाखिल किया है। वे निश्चित रूप से जीतेंगे।
भाजपा नेता राणे ने शुक्रवार को मुंबई में पत्रकारों को बताया कि अंधेरी में हो रहे उपचुनाव में वे भी चुनावी सभा संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सभी केंद्रीय मंत्रियों को लोकसभा की दो सीट सौंपी हैं। इसके तहत उन्हें गोवा दक्षिण संसदीय सीट और दक्षिण मुंबई संसदीय सीट सौंपी गई है। उन्होंने दावा किया इन दोनों सीटों पर भी अगले लोकसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार की ही जीत होगी। राणे ने विश्वास व्यक्त किया कि हम निश्चित रूप से जीतेंगे। दक्षिण मुंबई में बीजेपी का अपना सांसद होगा। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि उद्धव ठाकरे की शिवसेना का कोई सांसद न आए।
राणे ने उद्धव ठाकरे की आलोचना करते हुए कहा कि अब राज्य चला गया, मुंबई चला गया, अब वर्ली रह गया?, मातोश्री बाद में आएगी। मैंने सुबह बाबुलनाथ के दर्शन कर अभियान की शुरुआत की है। मेरे पास सिर्फ साउथ गोवा और साउथ मुंबई है। मैं वहां भी गया था और यहां मुंबई में भी चुनाव प्रचार चल रहा है। राणे ने कहा कि मैं दोनों निर्वाचन क्षेत्रों का चुनाव किए बिना नहीं रहूंगा।
नारायण राणे ने आगे उद्धव ठाकरे पर तंज कसते हुए कहा कि वे बार-बार कह रहे थे कि हिम्मत है तो सरकार गिरा दो। आखिर हमने सरकार को गिरा दिया। अब उद्धव ठाकरे मैदान की बात कर रहे हैं, वहां भी उखाड़ कर दिखा दिया। राणे ने कहा कि उद्धव ठाकरे में आमने-सामने की लड़ाई की बात कर रहे हैं, लड़ाई तो हो रही है। उद्धव ठाकरे मैदान में सामना तो करें।