ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

कोरोना का डर: 3 मई के बाद भी मुंबई और पुणे में बढ़ सकता है लॉकडाउन?

मुंबई: महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली सरकार 3 मई के बाद भी मुंबई और पुणे में लॉकडाउन का विस्तार कर सकती है। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा है कि अगर कोरोनो वायरस का प्रसार कम नहीं हुआ, तो लॉकडाउन को आगे बढ़ाने की आवश्यकता होगी।
श्री टोपे ने बताया, लॉकडाउन को लागू करने का मुख्य उद्देश्य कोविड-19 महामारी के प्रसार को रोकना था और अगर ये नहीं रुकता है, तो हमें लॉकडाउन का विस्तार करना होगा। उन्होंने कहा कि यदि आवश्यक हो, तो हम 3 मई के बाद 15 दिनों के लिए लॉकडाउन का विस्तार केवल जरूरी जगहों पर करेंगे। मुंबई और पुणे महाराष्ट्र के दो सबसे बड़े कोरोना वायरस हॉटस्पॉट हैं। कोविड -19 के मामले यहां निरंतर बढ़ रहे हैं। महाराष्ट्र के कुल 6,817 कोरोना वायरस मामलों में से 4,447 मुंबई से हैं जबकि 961 मामले पुणे के हैं। फिलहाल तेलंगाना एकमात्र राज्य है जिसने 7 मई तक कोविड -19 लॉकडाउन का विस्तार करने का निर्णय लिया है।
गौरतलब है कि पूरे देश में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। भारत में कोविड-19 मरीजों की संख्या शनिवार सुबह बढ़कर 24 हजार के पार पहुंच गई। इसके अलावा 775 लोगों की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, भारत में कोरोना वायरस मरीजों की संख्या 24,506 हो गई है। इसमें अब तक 5063 मरीज अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं। देश में बीते 12 घंटों में 52 मौतें हुई हैं। इसके अलावा 1054 नए मामले सामने आ चुके हैं। महाराष्ट्र में कोरोना के 6817 मरीज मिल चुके हैं। इसमें से 840 ऐसे हैं, जो पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं। वहीं, 301 लोगों की मौत हुई है। गुजरात में 2815 मरीज सामने आए हैं। इसमें 265 लोगों ठीक हुए हैं। वहीं, 127 लोगों की मौत हुई है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की बात करें तो अब तक कोविड-19 के 2514 मरीज पाए जा चुके हैं। 857 लोग ठीक हो चुके हैं, वहीं, 53 लोगों की मौत हुई है।