मुंबई शहरशहर और राज्यसामाजिक खबरें

कोरोना के खिलाफ लड़ाई में गरीब एवं बेसहारा मजदूरों को दोनों वक्त का भोजन

जब तक लॉकडाउन जारी रहेगा, तब तक हम जरूरतमंदों को भोजन कराते रहेंगे : भरत शुक्ला

मुंबई: वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के कारण लागू हुए लॉकडाउन के दौरान कारखानों एवं दुकानों आदि के बंद होने के चलते परेशान गरीब एवं बेसहारा मजदूरों तक दोनों वक्त का भोजन पहुंचाने का काम माँ विंध्यवासिनी देवी मंदिर ट्रस्ट की ओर से किया जा रहा है।
सायन-कोलीवाड़ा के म्हाडा कॉलोनी स्थित माँ विंध्यवासिनी देवी मंदिर के प्रबंधक भरत शुक्ला के अनुसार, सायन-कोलीवाड़ा से परेल तक प्रतिदिन 300 लोगों तक खाना पहुंचाने का काम मंदिर के पदाधिकारियों द्वारा किया जा रहा है।
बता दें कि उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के विंध्याचलधाम स्थित मां विन्ध्यवासिनी देवी की प्रतिमूर्ति यहाँ स्थापित की गई है। इस मंदिर से स्थानीय लोगों की बहुत आस्था जुड़ीं हुई है। सामान्य दिनों में भी यहां हर रविवार को प्रसाद के रूप में शाम को भक्तों को खाना खिलाया जाता है। जिसे ध्यान में रखते हुए भरत शुक्ला ने इस महामारी में प्रतिदिन लोगों को मां विन्ध्यवासिनी का प्रसाद बांटने का निश्चय किया। अब इस मंदिर में प्रतिदिन लगभग 300 व्यक्तियों का भोजन पकता है। इसके बाद इसे मंदिर में माता को चढ़ाकर सायन, जीटीबी नगर, अंटापहिल, दादर, माटुंगा, वडाला, परेल में बसेरा जमाने वाले गरीब-मजदूरों के लिए ले जाया जाता है। जहां- जहां लोग फुटपाथ पर बैठे और सोते दिखते हैं, उनमें यह प्रसाद वितरित किया जाता है। भरत बताते हैं कि अब हर दिन जरूरतमंदों को दोनों समय के इस प्रसाद का इंतजार रहता है। लोगों को आश्वासन दिया है कि वे कहीं जाएं नहीं, दोनों समय भोजन के समय पर गाड़ी से भोजन वितरित किया जाएगा। आगे भरत शुक्ला (भाईजी) कहते हैं, जब तक लॉकडाउन जारी रहेगा, तब तक हम जरूरतमंदों को भोजन खिलाते रहेंगे। जरूरतमंद लोग उपरोक्त नंबर 9323807417/9967051965 पर भरत शुक्ला से बेहिचक सम्पर्क कर सकते हैं।