उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़

कौशांबी: एनकाउंटर में गिरफ्तार अपराधी मुश्ताक ने की थी महिला की हत्या के बाद लाश से दरिंदगी!

प्रयागराज: कौशांबी में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। यह एक ऐसी आपराधिक घटना है जिसने पुलिसवालों को भी झकझोर दिया। दुष्कर्म अपने आप में शर्मनाक संगीन अपराध है और जब ऐसा किसी महिला की लाश के साथ किया जाए तो फिर क्या कहेंगे आप? पुलिस का कहना है कि ऐसा घिनौना कारनामा उस अपराधी मुश्ताक ने किया था जिसे गुरुवार को कौशांबी में मुठभेड़ के बाद गोली लगने पर गिरफ्तार किया गया था। उसने कुछ दिन पहले कौशांबी के पश्चिम शरीरा इलाके के एक घर में घुसकर महिला के कत्ल के बाद उसकी लाश से दरिंदगी की थी। उसके साथियों ने उसकी यह हैवानियत पुलिस को बताई।

हत्या के बाद की थी हैवानियत!
घटनाक्रम– कौशांबी में पश्चिम शरीरा इलाके के एक गांव में रहने वाली विवाहिता 25 मार्च की रात मकान के पीछे वाले कमरे में सो रही थी। रात में उसे गला रेतकर मार डाला गया था। दूसरे दिन वहां पहुंची पुलिस ने घटनास्थल के निरीक्षण के बाद पति की तहरीर पर अज्ञात कातिलों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस ने कई लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि चित्रकूट के मऊ बियावल निवासी दीपक साहू और करारी में मोलानी गांव के मुश्ताक काफी समय से इसी गांव में टिके थे। इन दोनों के अलावा अमीना गांव के भोला की भूमिका भी संदेह के घेरे में थी। दीपक और भोला से पूछताछ की गई तो दोनों ने महिला की हत्या का जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह लूटपाट के इरादे से घर में घुसे थे। पहचान लिए जाने के कारण महिला का कत्ल करना पड़ा। इन दोनों आरोपितों ने पुलिस को यह भी बताया कि मुश्ताक ने हत्या के बाद महिला की लाश से दुष्कर्म किया था। यह जानकर पुलिस अधिकारी भी बेहद गुस्से में थे। मुश्ताक की तलाश हो रही थी इसी बीच गुरुवार की सुबह खबर मिली कि वह पश्चिम शरीरा के कटरी गांव के निकट है। पुलिस ने घेरा और मुठभेड़ में दो गोलियां लगने पर घायल मुश्ताक को पकड़ लिया गया। पुलिस का कहना है कि उसने भी कुबूला है कि महिला की हत्या के बाद उसने शव के साथ दुष्कर्म किया था। इस तरह की आपराधिक घटनाएं पुलिस के लिए भी चिंता का विषय बना है।