ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरशहर और राज्य

गणेशोत्सव पर मुंबई पुलिस ने किए अभूतपूर्व सुरक्षा के इंतजाम…

मुंबई, सोमवार 2 सितम्बर से गणेशोत्सव पर्व शुरू हो रहा है। 12 सितंबर तक चलने वाले इस त्योहार के लिए मुंबई पुलिस ने अभूतपूर्व सुरक्षा इंतजाम किए हैं। पुलिस प्रवक्ता प्रणय अशोक ने बताया कि इस बार लालबाग के राजा की सुरक्षा 10 डीसीपी रैंक के अधिकारियों के जिम्मे सौंपी गई है। इससे पहले कभी भी यहां इतने डीसीपी नहीं लगाए गए थे। 10 डीसीपी के साथ 4 एसीपी, 20 इंस्पेक्टर, 59 सहायक निरीक्षक, 500 पुलिस सिपाही भी 24 घंटे बंदोबस्त पर रहेंगे। पूरे 11 दिन तक यहां SRPF और दंगा नियंत्रण पथक की एक-एक टुकड़ी रहेगी। यही नहीं, 2 सीसीटीवी वैन व 4 कॉम्बक्ट वैन के जरिए भी पुलिस लालबाग के राजा की सुरक्षा मॉनिटर करती रहेगी।

99 रास्तों पर पार्किंग प्रतिबंधित
11 दिन तक मुंबई में 53 रास्ते पूरी तरह बंद रहेंगे, 56 रास्तों को वन-वे किया गया है। 18 रास्तों पर भारी वाहन के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है, जबकि 99 रास्तों पर पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।

29 जगहों पर होगा विसर्जन
बता दें कि पूरे मुंबई में इस बार 7703 सार्वजनिक गणपति बैठाए जा रहे हैं। घर में लाए जाने गणपति की संख्या 1 लाख 32 हजार 452 है। इसके अलावा 11, 667 जगहों पर गौरी स्थापना की जा रही है। मुंबई में 129 जगहों पर 3, 6, 7 और 12 सितंबर को विसर्जन होगा। पूरे 11 दिन तक 40 हजार से ज्यादा पुलिस फोर्स सड़कों पर तैनात रहेगी। क्राइम ब्रांच, स्पेशल ब्रांच, ऐंटि टेरर सेल की यूनिट्स को इंटेलिजेंस निकालने का जिम्मा सौंपा गया है। शहर के 5000 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम से जुड़े हैं, लेकिन पुलिस ने गणेश मंडलों से भी अपने-अपने यहां सीसीटीवी कैमरे लगाने को कहा है।

चंद्रयान-2 की थीम पर लालबाग के राजा का पंडाल: मुंबई की सबसे प्रसिद्ध गणपति लालबाग के राजा का शुक्रवार को अनावरण किया गया। इस मूर्ति को इसरो के महत्वाकांक्षी अंतरिक्ष मिशन चंद्रयान-2 की थीम पर पंडाल में स्थापित किया गया है। चंद्रयान-2 को 22 जुलाई को लॉन्च किया गया था।
लालबाग के राजा की प्रतिमा के दोनों ओर दो आर्टिफिशियल अंतरिक्ष यात्री बनाए गए हैं। बैकग्राउंड में सैटेलाइट लॉन्चिंग की वीडियो क्लिप भी है। ग्रहों, सौर प्रणाली और अंतरिक्ष को भी दिखाया गया।