दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरशहर और राज्य

2 सितंबर को गृहमंत्री अमित शाह एक दिवसीय मुंबई दौरा

सिद्धिविनायक और लालबाग के राजा का करेंगे दर्शन

मुंबई, आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए राज्य की सत्ताधारी पार्टी भाजपा चुनाव की तैयारी में जोरशोर से जुट गई है। इसी के तहत चुनाव की रणनीति तय करने के लिए आगामी 2 सितंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह एक दिवसीय मुंबई दौरे पर होंगे।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दो सितंबर को सुबह 9 बजे भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का मुंबई हवाई अड्डे पर आगमन होगा, जहां उपस्थित पार्टी के बड़ी संख्या में नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उनका भव्य स्वागत करेंगे। इसके बाद शाह सिद्धिविनायक मंदिर जाकर भगवान गणेश का दर्शन करेंगे। उसके बाद लालबाग के राजा का दर्शन करेंगे। वहीं विशेष सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शाह राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी के कोर कमेटी और प्रमुख नेताओं के साथ बैठक कर सकते है।
सूत्रों का यह भी कहना है कि बीते कई महीनों से दूसरे पार्टी के नेताओं की भाजपा में चल रही जोरदार इनकमिंग के तहत कुछ कांग्रेस और राकांपा के दिग्गज नेता भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की उपस्थिति में भाजपा का दामन थाम सकते है। इसके पहले जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 रद्द किए जाने को लेकर भाजपा की 1 सितंबर से शुरू होने वाली देशव्यापी कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा अध्यक्ष कर सकते है। बता दें कि इसके पहले एक सितंबर को सोलापुर मे भाजपा द्वारा आयोजित ‘महाजनादेश यात्रा’ के दूसरे चरण के समापन कार्यक्रम में अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।