ठाणेब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्र

गर्लफ्रेंड से रिश्ता था नामंजूर तो बेटे ने प्रेमिका के साथ मिलकर मां को मौत के घाट उतारा!

ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 29 वर्षीय युवक ने अपनी ही मां की हत्या कर दी। उसने यह हत्या अपनी गर्लफ्रेंड के साथ मिलकर की। बेटा इस बात से नाराज था कि उसकी मां को उसका अफेयर पसंद नहीं था। वह अपनी गर्लफ्रेंड से शादी करना चाहता था लेकिन युवती रिश्तेदारी में थी इसलिए मां ने दोनों के रिश्ते को मंजूरी देने से इनकार कर दिया था।
युवक ने इतनी सफाई से अपनी मां का गला घोंटा कि इस हत्या को प्राकृतिक मौत साबित किया जा सके, लेकिन पुलिस ने आखिरकार हत्या की वारदात का खुलासा कर ही दिया।
घटना नारपोली पुलिस थाने की है। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक एम.एम बल्लाल ने बताया कि भिवंडी शहर में रहने वाले युवक ने शुरू में इसे दुर्घटना का मामला बताने की कोशिश की। हालांकि, जांच और सख्ती से पूछताछ के बाद उसने हत्या की बात स्वीकार ली। पुलिस ने बुधवार को आरोपी बेटे और उसकी 30 वर्षीय महिला रिश्तेदार को गिरफ्तार कर लिया है।

गर्लफ्रेंड से करना चाहता था शादी
आरोपी युवती मृतका के पति की भतीजी है। अधिकारी ने बताया कि वह यहां मृतक के परिवार के साथ रह रही थी। मृतका के बेटे और उसकी भतीजी से बीच अफेयर हो गया। यह बात उसे पता चली तो उसने इसका विरोध किया। मृतका के बेटे ने कहा कि वह अपनी गर्लफ्रेंड से शादी करना चाहता है लेकिन उसने इस रिश्ते से इनकार कर दिया। उसके अफेयर को लेकर अक्सर झगड़ा होता रहता था। अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को दोनों आरोपियों ने पीड़िता की बेल्ट से कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी।

मामले को छिपाने का किया प्रयास
इतना ही नहीं मृतका के बेटे ने शुरू में इसे दुर्घटना बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। लेकिन परिवार के अन्य सदस्यों की शिकायत और घटना की जांच के बाद, पुलिस ने उस व्यक्ति और उसके रिश्तेदार को गिरफ्तार कर लिया और उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) और 34 (सामान्य इरादे) के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है।