गुजरातब्रेकिंग न्यूज़

गुजरात में भरभराकर गिरा निर्माणाधीन पुल, एक की मौत, कई लोगों के दबे होने की आशंका

पालनपुर: गुजरात के पालनपुर में बन रहे ब्रिज का एक निर्माणाधीन हिस्सा भरभराकर गिर गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना पाकर राहत और बचाव कार्य की टीम मौके पर भेजी गई है। लोगों की भीड़ लगी हुई है। दावा किया जा रहा है कि 3 लोग इस मलबे में दबे हुए हैं।

बता दें कि गुजरात में एक महीने पहले ही सुरेंद्रनगर जिले में भी ऐसा ही एक हादसा हुआ था। ये मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि अब पालनपुर में एक निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा गिर गया। बताया जा रहा है कि पालनपुर आरटीओ सर्कल पर नवीन ब्रिज का काम चल रहा है। सोमवार को पुल पर निर्माण चल रहा था तभी एक हिस्सा नीचे गिर पड़ा। हादसे की चपेट में एक ट्रैक्टर और रिक्शा आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पुल का मलबा सीधे रिक्शे से ऊपर गिरा। गनीमत ये रही कि इस हादसे में किसी के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। मलबे में दबे रिक्शे को कटर से काटकर निकाला गया।

कांग्रेस ने साधा निशाना
कांग्रेस ने गुजरात सरकार पर बोला हमला गुजरात में निर्माणाधीन पुल गिरने पर गुजरात कांग्रेस के नेता अमित चावडा ने बीजेपी पर बड़ा हमला बोला है। उन्होनें कहा पालनपुर आरटीओ सर्कल के पास एक ओवरब्रिज ढह गया है। इस हादसे में रिक्शा चालक समेत तीन लोगों के दबे होने की आशंका है। ये कोई पुल नहीं है, ये भ्रष्टाचार का विकास है। एक बार फिर अधिकारी बदले जाएंगे।