Jaunpur news
जौनपुर: जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह करीब 10 बजे बाइक सवार दो बदमाशों ने एक फाइनेंस कंपनी के सीओ (क्षेत्रीय अधिकारी) को असलहा सटाकर 40 हजार रुपये लूट लिए।भागने से पहले बदमाशों ने पीड़ित को थप्पड़ भी जड़े। दिनदहाड़े हुई इस घटना से लोगों में दहशत व्याप्त है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास के लोगों से भी घटना की जानकारी ली।
मिली जानकारी के मुताबिक, आजमगढ़ जनपद के मऊ परासी गांव निवासी आकाश यादव ‘उत्कर्ष फाइनेंस’ बैंक जलालपुर में क्षेत्रीय अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। सोमवार सुबह वे सैदपुर गांव में समूह के लोगों के साथ बैठक के लिए आए थे। बैठक में समूह के बकाया 40 हजार रुपये की वसूली करने के बाद बीबीपुर गांव जा रहे थे। वहां पर भी समूह से पैसा लेना था।
सैदपुर गांव से वो केराकत-कबुलपुर मार्ग पर आए। नेहरूनगर नाले की पुलिया के पास पीछे से एक काले रंग की नई बाइक से नकाबपोश दो बदमाश पहुंचे। बदमाशों ने आकाश की बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया। एक बदमाश ने आकाश यादव की कनपटी पर पिस्टल सटा दिया। दो थप्पड़ मारा और उनके पास से बैग छीन लिया।
पीड़ित के मुताबिक, बदमाश उनका मोबाइल भी छीनकर बाइक से भाग निकले। बदमाश गयासपुर गांव की तरफ भागे। गयासपुर के पास आकाश का मोबाइल सड़क पर गिरा मिला। घटना के बाद वहां राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना के बाद थाना प्रभारी रमेश यादव मौके पर पहुंच गए। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। बदमाशों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
