ठाणेब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्र

ठाणे के उल्हासनगर में पांच मंजिला इमारत का एक हिस्सा गिरने से चार लोगों की मौत, रेस्क्यू जारी

ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां उल्हासनगर इलाके में पांच मंजिला इमारत मानस टॉवर का एक हिस्सा गिरने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोगों के मलबे में दबे होने की खबर है। मरने वालों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। घटना गुरुवार सुबह करीब साढ़े 11.30 बजे की बताई जा रही है। मलबे में दबे लोगों का रेस्क्यू आपरेशन जारी है। मौके पर दमकलकर्मी और आपदा प्रबंधन दल मलबे हटाकर लोगों को निकालने में जुटे हुए हैं।
उल्हासनगर तहसीलदार (राजस्व अधिकारी) कोमल ठाकुर के अनुसार, ठाणे के उल्हासनगर कैंप 5 में स्थित पांच मंजिला इमारत की तीसरी मंजिल का एक स्लैब सुबह करीब 11.30 बजे गिर गया। इस हादसे में दो महिला समेत चार लोगों की मौत हुई है। वहीं, कुछ लोग मलबे में दबे हैं, जिन्हें निकालने की कोशिश जारी है। अधिकारी की मानें तो इस इमारत में करीब 30 फ्लैट्स थे। इमारत का अवैध तरीके से निर्माण किया गया था और पहले ही इसे खाली करने को लेकर लोगों को नोटिस दिया जा चुका था। बावजूद इसके इसमें 5 परिवार अभी भी रह रहे थे।

उल्हासनगर के महापालिका आयुक्त द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, दोपहर के वक्त तीसरी मंजिल का स्लैब गिरकर सीधे ग्राउंड फ्लोर में चक्की पर आ गिरा। इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई और एक शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में ले जाया गया और उनका इलाज शुरू है। वहीँ 5 लोगों को मलबे से खींचकर बाहर निकालने में कामयाबी मिली है।
अधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय दमकलकर्मी, आपदा प्रबंधन दल, पुलिस, राजस्व और नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया। मलबे के नीचे दबे लोगों को निकालने का काम जारी है। वहीं, चारों मृतकों की पहचान सागर ओछानी (19), प्रिया धनवानी (24), रेणु ढोलंदादास धनवानी (54) और धोलदास धनवानी (58) के रूप में हुई है।