ठाणेब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

ठाणे कोविड अस्पताल में महिला से छेड़छाड़, आरोपी फरार

ठाणे: ठाणे मनपा संचालित ग्लोबल हब कोविड अस्पताल में भर्ती एक महिला मरीज के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है। अस्पताल में कार्यरत हाउसकीपिंग कर्मचारियों ने छेड़खानी करने वाले व्यक्ति की जमकर पिटाई कर दी। आरोपी मौका पाकर फरार होने में सफल हो गया। घटना के चलते अस्पताल में भर्ती मरीजों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़ा हो गया है।
खबर लिखे जाने तक पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज नहीं हो पाया था।

पिछले दिनों इस अस्पताल में भर्ती मरीज के शव की अदला-बदली का मामला खूब उछला था। सूत्रों के मुताबिक मंगलवार की दोपहर अस्पताल में भर्ती महिला मरीज शौचालय में गई थी उसी वक्त आरोपी उसे घूर रहा था। महिला ने उसकी शिकायत अस्पताल के नर्स से की थी। शिकायत को ध्यान में रखते हुए अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, तो उसमें उक्त व्यक्ति शौचालय के आसपास घूमता नजर आया, जिसे महिला मरीज ने पहचान लिया। अस्पताल के हॉउसकीपिंग कर्मचारियों को इसकी खबर लगी, तो उन्होंने उक्त व्यक्ति को निचली मंजिल पर देख लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। पिटाई के दौरान वह मौका पाकर अस्पताल से भाग निकला।
अस्पताल में पूछताछ में पता चला कि अस्पताल का स्नानगृह और टॉइलेट जाम हो गया था और उक्त आरोपी उसी की मरम्मत करने आया था। मनपा सूत्रों ने इस पर कुछ कहने से इनकार किया है। बताया गया है कि उक्त व्यक्ति की पहचान हो गई और उसका मोबाइल नबंर भी मिला है। भुग्तभोगी महिला मरीज से चर्चा करने और मनपा के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा करने बाद आगे की कार्रवाई किए जाने की बात अस्पताल सूत्रों ने बताई है।