ठाणेमहाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

डॉक्टरों को ब्लैकमेल करने के आरोप में RTI कार्यकर्ता पर मामला दर्ज

ठाणे: डॉक्टरों को ब्लैकमेल कर उनसे हफ्ता वसूली के मामले में ठाणे पुलिस ने आरटीआई कार्यकर्ता अब्दुल घड़ियाली के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि घड़ियाली पहले आरटीआई के माध्यम से जानकारी निकालता है और फिर शिकायत वापस लेने के लिए डॉक्टरों से पैसे वसूलता था। पिछले दिनों पुलिस ने फर्जी डॉक्टरों के खिलाफ शिकायत के बाद ठाणे के कलवा, मुंब्रा व शील-डायघर इलाके में छापा मारा था और 8 डॉक्टरों को गिरफ्तार किया था। ये डॉक्टर यूनानी पद्धति से प्रैक्टिस करने के बावजूद लोगों को मृत्यु प्रमाणपत्र दे रहे थे। पुलिस द्वारा डॉक्टरों से की गई पूछताछ में उक्त खुलासा हुआ। मुंब्रा पुलिस ने डॉक्टर अनवर हुसैन मोहम्मद की शिकायत पर मुंब्रा निवासी अब्दुल घड़ियाली के ख़िलाफ मामला दर्ज किया है। घड़ियाली ने आरटीआई के जरिये जनवरी 2017 से जून 2019 तक उक्त डॉक्टरों द्वारा जारी किए गए मृत्यु प्रमाण पत्र और अन्य बातों की जानकारी हासिल की थी। घड़ियाली ने महाराष्ट्र काउंसिल ऑफ इंडियन मेडिसिन को उक्त डॉक्टरों की शिकायत भी की थी। बताया गया है कि शिकायत के बाद महाराष्ट्र काउंसिल ऑफ इंडियन मेडिसिन ने 4 डॉक्टरों से जवाब मांगकर उनका लायसेंस रद्द कर देने की बात कही थी। शिकायत को वापस लेने के लिए घड़ियाली ने डॉक्टरों से हफ्ता मांगा था।