ठाणेमहाराष्ट्रमुंबई शहर

दही हांडी के दौरान मुंबई-ठाणे में 286 घायल गोविंदा का अस्पताल में हुआ इलाज

मुंबई: दही हांडी उत्सव के दौरान शुक्रवार को मुंबई में 222 जबकि ठाणे में 64 गोविंदा घायल हो गए थे। घायलों में से मुंबई में 25 जबकि ठाणे में 12 गोविंदा अभी अस्पताल में हैं जबकि बाकियों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई। मुंबई महानगरपालिका के मुताबिक, दही हंडी उत्सव के दौरान घायल गोविंदाओं में से सबसे ज्यादा 58 को इलाज के लिए केईएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राजावडी अस्पताल और ट्रामा केयर सिस्टम में 20-20 जबकि सायन अस्पताल में 19 और कूपर अस्पताल में 17 घायल गोविंदाओं का इलाज किया गया। नायर, बाबासाहेब आंबेडकर, पोद्दार, भाभा, शताब्दी जैसे अस्पतालों में भी घायल गोविंदाओं का इलाज किया गया। इसके अलावा राज्य सरकार के जीटी, सेंट जॉर्ज, जेजे जैसे अस्पतालों में भी 15 गोविंदाओं का इलाज किया गया। इसके अलावा कुछ घायल गोविंदाओं ने नानावटी, हिंदुजा, बांबे अस्पताल जैसे निजी अस्पतालों में भी इलाज कराया।
राज्य सरकार ने पहले ही सरकारी अस्पतालों को निर्देश जारी कर दिए थे कि वे घायल गोविंदाओं का मुफ्त में इलाज करें। ठाणे में घायल गोविंदाओं में एक 52 वर्षीय संतोष शिंदे की हालत गंभीर है। उनका एक निजी अस्पताल में आईसीयू में इलाज चल रहा है। नौपाडा के रहने वाले शिंदे थर लगाते समय नीचे गिर पड़े थे। इसके अलावा 11 दूसरे घायल गोविंदाओं का भी विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।