दिल्लीदेश दुनियाब्रेकिंग न्यूज़मुंबई शहरशहर और राज्य

दाऊद के भतीजे पर लगा मकोका, जबरन वसूली मामले में हुआ था गिरफ्तार

मुंबई, जबरन हफ्ता वसूली के मामले में गिरफ्तार दाऊद इब्राहिम के भतीजे रिजवान शेख और उसके दो साथियों की मुश्किलें बढ़ गईं हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध विरोधी कानून मकोका की धाराएं भी लगाई हैं। इस मामले में मुंबई पुलिस ने रिजवान के साथ अहमदरजा वधारिया और अशफाक टावेलवाला नाम के आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है।

5 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेजे गए
मामले में छोटा शकील और फहीम मचमच का नाम सामने आने के बाद छानबीन में जुटे ‘जबरन वसूली विरोधी दस्ते’ ने आरोपियों के खिलाफ मकोका के तहत कार्रवाई का फैसला किया। वहीं तीनों आरोपियों को सोमवार को मकोका कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें 5 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

6 महीने में दायर होगा आरोपपत्र
मकोका लगने के बाद अब एसीपी स्तर के अधिकारी मामले की छानबीन करेंगे साथ ही आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दायर करने के लिए पुलिस के पास छह महीने का समय होगा। मकोका लगने के बाद आरोपियों को जमानत मिलना भी मुश्किल होगा।

रिजवान पर यह है आरोप
दरअसल टावेलवाला ने अपने बिजनेस पार्टनर के साथ विवाद के दाऊद के भतीजे रिजवान और गैंग का हवाला कारोबार संभालने वाले वधारिया की मदद ली थी। आरोपियों के कहने पर छोटा शकील के करीबी फहीम मचमच ने धमकी भरा संदेश रिकार्ड कर व्यापारी को ह्वाट्सएप किया था। यह संदेश व्यापारी को भेजकर उसे टावेलवाले से बकाया पैसे न मांगने को कहा गया था।

इसलिए लगाया गया मकोका
अगर किसी मामले में आरोपियों के खिलाफ 10 सालों में कई मामले दर्ज हुए हों और पुलिस ने आरोपपत्र दाखिल किया हो तो आरोपियों के खिलाफ मकोका लगाने की इजाजत होती है। अपराध शाखा से जुड़े सूत्रों के मुताबिक दाऊद के करीबी छोटा शकील के खिलाफ 103 जबकि मचमच के खिलाफ 50 से ज्यादा मामले पहले ही दर्ज हैं। दोनों इस मामले में भी आरोपी हैं। इसके अलावा रिजवान समेत तीनों आरोपियों के खिलाफ पांच और व्यापारियों ने जबरन वसूली की शिकायत दर्ज कराई है। इनमें से तीन मुंबई जबकि दो सूरत के हैं।

डी-कंपनी के टच में था रिजवान
पुलिस के मुताबिक रिजवान दो मोबाइल इस्तेमाल करता था। एक मोबाइल मुंबई में रहते हुए सामान्य रूप से इस्तेमाल करता था जबकि दूसरे मोबाइल का इस्तेमाल दुबई से जबरन वसूली के लिए किया जाता था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रिजवान डी कंपनी से जुड़े छोटा शकील और फहीम मचमच के साथ लगातार संपर्क में था।