ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

नवी मुंबई में चार मंजिला इमारत ढहने से एक की मौत; रेस्क्यू आपरेशन जारी

मुंबई: नवी मुंबई के कोपरखैरने के सेक्टर 10 में शनिवार रात करीब 10.30 बजे बड़ा हादसा हो गया। इलाके के बोनकोडे गांव में शनिवार रात चार मंजिला ‘वैष्णवी अपार्टमेंट’ नाम की 25 साल पुरानी इमारत गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि इमारत काफी पुरानी थी और जीर्ण-शीर्ण स्थिति में थी। घटना के वक्त उसमें रहने वाले लोगों को बाहर निकाला जा रहा था।
दमकल अधिकारी पुरुषोत्तम जाधव ने बताया कि चार मंजिला इमारत में कई लोगों का परिवार रहता था। हादसे से पहले 32 लोग अपनी जान बचाकर बाहर निकलने में सफल हो गए। परन्तु आठ लोग इमारत से बाहर आ ही रहे थे तभी इमारत अचानक ढह गई। दमकल की टीम ने कुछ लोगों का तुरंत रेस्क्यू किया। वहीं, बचाव कार्य रात से लगातार जारी है। अधिकारी ने बताया कि रविवार सुबह मलबे में दबे एक व्यक्ति का शव निकाला गया है। अभी तक उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। इमारत के लोगों को इसकी पहचान करने के लिए बुलाया गया है।

बता दें कि मुंबई महानगर में जर्जर इमारतों के गिरने की घटनाएं लगातार होती रही हैं। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) नियमों के तहत लगातार जर्जर हो चुकी इमारतों को खाली करने और गिराने के लिए नोटिस जारी करता रहता है। उसने हादसों को रोकने के लिए नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ मुकदमा भी कराना शुरू किया है। इसके बावजूद भी लोग नगर निगम की चेतावनी को गंभीरता से नहीं लेते हैं। जिसके कारण ऐसे हादसे सामने आते रहते हैं।