ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

नाबालिग लड़की से रेप; 34 सप्ताह की गर्भवती, नवी मुंबई पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ दर्ज किया मामला

नवी मुंबई: नवी मुंबई पुलिस ने उत्तर प्रदेश की रहने वाली 17 वर्षीय लड़की के साथ कई बार बलात्कार करने और उसे गर्भवती करने के आरोप में एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लड़की के भाई की शिकायत के आधार पर पुलिस ने शनिवार को भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (बलात्कार) एवं अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के तहत तथा यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

अधिकारी ने बताया कि यह घटना तब सामने आई जब लड़की नवी मुंबई के कोपर खैराने में अपने भाई से मिलने आई थी। वह एक अस्पताल गई थी जहां पता चला कि वह 34 सप्ताह की गर्भवती है। उन्होंने बताया कि शिकायत के मुताबिक, नाबालिग उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के एक गांव की रहने वाली है और एक व्यक्ति ने अप्रैल से पहले कथित तौर पर उसके साथ कई बार बलात्कार किया था। अधिकारी ने बताया कि नवी मुंबई पुलिस ने मामले को आगे की जांच के लिए सिद्धार्थनगर पुलिस के पास भेजा है।