गुजरातब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

29 साल से फरार छोटा राजन गैंग के गुर्गे लखानी को मुंबई क्राइम ब्रांच ने गुजरात से किया गिरफ्तार

मुंबई: मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने शनिवार को 29 साल से फरार छोटा राजन गैंग के एक गुर्गे को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। क्राइम ब्रांच ने अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन गैंग के गिरोह से जुड़े साबिर अली नामक गुर्गे को करीब 29 साल बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान 59 वर्षीय साबिर बरकत अली लखानी के तौर पर हुई है। वह मुंबई के एंटॉपहिल का निवासी है, लेकिन उसकी गिरफ्तारी सूरत से हुई है। वह वहां भेष बदलकर रह रहा था।

एक अधिकारी ने बताया कि लखानी के खिलाफ 1994 में डकैती का मामला दर्ज हुआ था। 1994 में लखानी अपने चार साथियों के साथ चेंबूर के सिंधी कैंप में रीयल एस्टेट ब्रोकर के कार्यालय में डकैती करने के मकसद से हथियार लेकर घुसा था। सूचना मिलते ही पुलिस ने ब्रोकर के ऑफिस को चारों ओर से घेर लिया और आरोपियों को आत्मसमर्पण करने को कहा, लेकिन आरोपियों ने मुंबई पुलिस के जवानों पर हमला कर दिया। इस हमले में 3 आरोपी पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मारे गए, जबकि लखानी और उसके एक अन्य साथी पकड़े गए। स्थानीय अदालत ने इन आरोपियों को 5 साल की सजा सुनाई। लेकिन लखानी और उसका साथी 1995 में पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए।

गैर जमानती वारंट हुआ था जारी
लखानी और उसके साथी के खिलाफ अदालत ने गैर जमानती वॉरंट जारी किया था। पिछले दिनों क्राइम ब्रांच को लखानी के सूरत में होने की खुफिया सूचना मिली थी, जिसके बाद स्थानीय ओढाव पुलिस थाना, गुजरात की मदद से लखानी को पकड़ लिया गया। उसके खिलाफ गुजरात में भी मारपीट, चोरी, डकैती आदि के आरोप में कई मामले दर्ज हैं।

लईक अहमद फिदा हुसैन शेख हुआ था गिरफ्तार
मुंबई की पायधुनी पुलिस ने 1997 में मुन्ना दाढ़ी की हत्या के आरोपी को 25 साल बाद गिरफ्तार किया था। आरोपी का नाम लईक अहमद फिदा हुसैन शेख है, जो छोटा शकील गैंग से जुड़ा है। वह छोटा राजन गिरोह के सदस्य मुन्ना दाढ़ी की हत्या कर फरार हो गया था। गैंगस्टर छोटा राजन फिलहाल, दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है।