ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

पटना SP क्वारंटाइन मामले में विपक्ष का हमला, राम कदम बोले- जांच से क्यों डर रही सरकार, अमृता फडणवीस बोलीं- मुंबई ने खो दी मानवता!

मुंबई: अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या मामले की छानबीन करने पहुंचे पटना शहर के एसपी विनय तिवारी को मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने 14 दिन के लिए क्वारंटाइन कर दिया है।
एसपी विनय तिवारी रविवार दोपहर फ्लाइट से मुंबई पहुंचे थे जिसके बाद में गोरेगांव स्थित एसआरपीएफ के विश्राम गृह में चले गए थे। रात को 11 बजे के करीब मुंबई महानगरपालिका के कर्मचारी उनके पास पहुंचे और नियमों का हवाला देते हुए उन्हें 15 अगस्त तक लोगों से अलग-थलग रहने की हिदायत दी। वहीं मामला तूल पकड़ने के बाद मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने सफाई भी दी है। बीएमसी की ओर से जारी बयान में कहा गया है तिवारी के गोरेगांव एसआरपीएफ विश्राम गृह पहुंचने के बाद उन्हें इसकी जानकारी मिली जिसके बाद देश के भीतर हवाईयात्रा करने वालों के लिए बनाए गए नियम के तहत बीएमसी अधिकारी वहां पहुंचे और तिवारी को पूरे मामले की जानकारी दी। क्वारंटाइन के लिए उनके हाथ पर मुहर लगाई गई साथ में उनको बताया गया अगर वे इससे छूट चाहते हैं तो मुंबई महानगरपालिका के सक्षम अधिकारी के पास इसके लिए अर्जी दे सकते हैं।

बता दें कि 2015 बैच के आईपीएस अधिकारी विनय तिवारी अपनी कार्यकुशलता व प्रतिभा के बल पर बिहार के तेज-तर्रार पुलिस अधिकारियों में अपना स्थान बनाए हुए हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उन्हें उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया है। हाल ही में बिहार के पुलिस महानिदेशक गुप्तेश्वर पांडेय ने विनय तिवारी की काबलियत को देखते हुए अभिनेता सुशांत सिंह की मृत्यु के केस में उन्हें जांच अधिकारी बनाया है। उसी सिलसिले में वह रविवार को मुंबई आये और कोरोना महामारी के चलते उन्हें बीएमसी ने क्वारन्टीन कर दिया है।

जांच से क्यों डर रही ठाकरे सरकार
भाजपा विधायक और प्रवक्ता राम कदम ने सवाल किया है कि क्या राज्य सरकार कोई सच छिपाना चाहती है जिसके चलते सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या मामले की छानबीन के लिए बिहार से आए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को 14 दिन के लिए क्वारंटाइन कर दिया गया? उन्होंने सवाल किया कि सुशांत की मौत से पहले क्या कोई मंत्री उनके घर गया था। कदम ने कहा कि इस मामले को लेकर सरकार का रवैया शक के घेरे में है क्योंकि पहले बिहार के आए पुलिसवालों को क्वारंटाइन नहीं किया गया, दूसरे लोग भी बेरोकटोक आ रहे हैं फिर अचानक ऐसा क्या हुआ कि पटना से आये एसपी को क्वारंटाइन कर दिया गया।
पूर्व सांसद और भाजपा नेता किरीट सोमैया ने सवाल किया कि राज्य सरकार सुशांत आत्महत्या मामले की छानबीन से क्यों घबरा रही है उन्होंने मुंबई पुलिस कमिश्नर और महानगरपालिका आयुक्त को पत्र लिख कर यह भी पूछा है कि बाहर से आने वाले और महाराष्ट्र के दूसरे जिलों से आने वाले कितने वरिष्ठ अधिकारियों, कारोबारियों और मंत्रियों को अब तक क्वारंटाइन किया गया है?उन्होंने तिवारी का क्वारंटाइन तुरंत खत्म करने की मांग की है।

बीएमसी आयुक्त के कार्यालय के बाहर नारेबाजी
भाजपा नगरसेवकों ने बिहार से आए आईपीएस अधिकारी को क्वारंटाइन करने के खिलाफ मुंबई महानगरपालिका आयुक्त इकबाल सिंह चहल के कार्यालय के बाहर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। मुंबई महानगरपालिका में भाजपा के गटनेता प्रभाकर शिंदे ने कहा कि सरकार सुशांत आत्महत्या मामले की जांच दबाने की कोशिश कर रही है और मनपा आयुक्त भी उसका साथ दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे पहले लोगों को क्वारंटाइन नहीं किया जा रहा था फिर मुंबई पहुचने के 7 घंटे बाद अचानक एसपी विनय तिवारी को क्वारंटाइन करने का ख्याल मनपा को कैसे आया?

महाराष्ट्र सरकार के अलावा दूसरे लोगों को इस मामले पर नहीं बोलना चाहिए: संजय राऊत
शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा कि सुशांत आत्महत्या मामले की छानबीन कर रही मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र सरकार के अलावा दूसरे लोगों को इस मामले पर नहीं बोलना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुंबई पुलिस सक्षम है और इस मामले की छानबीन कर रही है। संजय राऊत ने ट्वीट कर विपक्षी दलों पर यह कहते हुए भी निशाना साधा कि ‘जिनके घर शीशे के बने होते हैं वे दूसरों पर पत्थर नहीं फेंका करते’।

बिहार चुनाव के लिए राजनीति
महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन सावंत ने आरोप लगाया है कि बिहार में चुनाव को देखते हुए इस मामले में राजनीति की जा रही है और इसके लिए बिहार पुलिस का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नियमों के तहत मुंबई पुलिस ही मामले की जांच कर सकती है। सावंत ने आरोप लगाया दिल्ली में बैठे अपने नेताओं के इशारे पर महाराष्ट्र भाजपा के नेता मुंबई पुलिस को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। सावंत ने बिहार के डीजीपी को भी घेरा और कहा कि वे साल 2009 में नौकरी छोड़कर बीजेपी का टिकट ढूंढ रहे थे। उस समय उनके खिलाफ भी गंभीर आरोप थे जिसकी जांच सीबीआई कर रही थी। हालांकि कांग्रेस के ही पूर्व सांसद संजय निरुपम का कहना है विनय तिवारी को जिस तरह क्वारंटाइन किया गया उससे गलत संकेत जाएगा। उन्हें जांच करने देना चाहिए।

मुंबई ने अब खो दी मानवताः अमृता फडणवीस
विधानसभा में विपक्ष के नेता और पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस ने अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। अमृता ने कहा कि मुंबई लोगों के रहने के लिए सुरक्षित नहीं है। सोमवार को ट्वीट के जरिए अमृता ने कहा कि जिस तरीके से सुशांत मौत मामले को संभाला जा रहा है। मुझे लगता है कि मुंबई ने मानवता खो दी है। मुंबई निर्दोष और स्वाभिमानी लोगों के रहने के लिए सुरक्षित नहीं है।
अमृता के इस बयान पर शिवसेना की युवा इकाई ने पलटवार किया है। युवासेना के सचिव वरुण सरदेसाई ने कहा कि मैडम, आप और आपका परिवार इसी मुंबई पुलिस की सुरक्षा कवर लेकर उसी पर इतना नीच आरोप कर रही हैं? यदि मुंबई पुलिस पर भरोसा नहीं है तो पुलिस सुरक्षा छोड़ दीजिए। सरदेसाई ने अमृता से कहा कि आप इसी मुंबई पुलिस के उमंग कार्यक्रम में नाची और गाना गायी। कितनी कृतघ्न होंगी? वहीं सोशल मीडिया पर भी अमृता के बयान को लेकर लोग ट्रोल कर रहे हैं। अमृता के खिलाफ लोग अलग-अलग टिप्पणियां कर रहे हैं।