दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

पीएम मोदी को जान से मारने की धमकी; मुंबई ट्रैफिक पुलिस के वॉट्सऐप पर आया मैसेज, क्राइम ब्रांच की टीम ने शुरू की जाँच

नयी दिल्ली/मुंबई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जान से मारने की धमकी दी गई है। यह धमकी मुंबई ट्रैफिक पुलिस कंट्रोल रूम के वॉट्सऐप नंबर पर आई है। धमकी देने वाले ने सात ऑडियो क्लिप भेजी हैं। जिसमें पीएम मोदी को जान से मारने की धमकी दी गई है। ऑडियो क्लिप में कहा गया है कि दो लोग प्रधानमंत्री मोदी को जान से मारने वाले हैं। इसके लिए बाकायदा साजिश रची गई है, मैसेज भेजने वाले ने यह भी बताया कि दोनों व्यक्ति डी कंपनी से जुड़े हुए हैं। धमकी का ये ऑडियो मेसेज भेजने वाले ने दाऊद इब्राहिम के उन दो गुर्गों के नाम भी बताए हैं, जिन्हें पीएम मोदी को जान से मारने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनके नाम मुस्तफा अहमद और नवाज हैं। लेकिन ऑडियो मैसेज भेजने वाले ने अपना नाम नहीं बताया है। यह ऑडियों क्लिप हिंदी में है।

क्राइम ब्रांच ने शुरू की जाँच
मुंबई पुलिस की ‘क्राइम ब्रांच’ मैसेज भेजने वाले का पता लगाने का प्रयास कर रही है। एक डायमंड बिजनेसमैन से पूछताछ की गई है। इसकी वजह यह है कि वॉट्सएप मैसेज में एक फोटो भी भेजा गया है। यह फोटो सुप्रभात वेज नाम के शख्स का पाया गया। यह शख्स संबंधित डायमंड बिजनेसमैन के पास काम करता था। उसकी संदिग्ध गतिविधियों के चलते उसे काम से निकाल दिया गया था।

पीएम मोदी को जान से मारने की धमकी मिलने की इस खबर के बाद मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम अलर्ट हो गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुंबई पुलिस ने भी छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस जांच कर रही है कि आखिर धमकी देने वाला शख्स कौन है और उसके भेजे गए संदेश में कितनी सच्चाई है?
इसके पहले भी मुंबई पुलिस के कंट्रोल रूम में कई धमकी भरे फोन आ चुके हैं। इस बात की भी जांच की जा रही है कि क्या वाकई में यह किसी आतंकी संगठन द्वारा दी गई धमकी है या फिर किसी व्यक्ति की शरारत है? कई बार मुंबई पुलिस को ऐसे हॉक्स कॉल भी आते हैं। हालांकि, पुलिस हर कॉल को गंभीरता से लेते हुए उसकी जाँच-पड़ताल करती है।

कुछ महीने पहले (अगस्त में) भी मुंबई पुलिस के ट्रैफिक कंट्रोल को एक धमकी भरा मैसेज मिला था। धमकी देने वाले ने ट्रैफिक कंट्रोल के वॉट्सऐप नंबर पर लिखा कि दोबारा 26/11 जैसा हमला किया जाएगा। कंट्रोल रूम के वॉट्सऐप पर पाकिस्तानी नंबर से धमकी मिली थी। मैसेज में कहा गया था कि अगर उसकी लोकेशन ट्रेस करोगे तो वो भारत के बाहर का दिखाएगा और धमाका मुंबई में होगा। धमकी में कहा गया था कि हमारे 6 लोग हैं जो भारत में इस काम को अंजाम देंगे।