ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्र

महाराष्ट्र: कोश्यारी ‘राज्यपाल’ नहीं, बीजेपी के एक विनम्र सेवक और प्रचारक हैं: संजय राउत

मुंबई: शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट के नेता संजय राउत ने महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह बीजेपी के एक विनम्र सेवक और प्रचारक हैं। संजय राउत ने साथ ही कहा कि वे भगत सिंह कोश्यारी को महाराष्ट्र का राज्यपाल मानने को ही तैयार नहीं हैं।
मीडिया से बातचीत करते हुए सांसद राउत ने मंगलवार को कहा कि उन्हें हम राज्यपाल मानने को तैयार नहीं है…वे तो बीजेपी के प्रचारक हैं। जो राज्यपाल होते हैं वह तो संविधान का ध्यान रखते हैं, लेकिन जिस प्रकार से राज्यपाल कोश्यारी ने जो भी वक्तव्य दिया है उससे महाराष्ट्र की जनता में गुस्सा है। उन्होंने दावा किया कि महाराष्ट्र में राज्यपाल की गरिमा ख़त्म हो गई है।
शिवसेना नेता राउत ने कहा, राज्य की जनता कोश्यारी से नाराज है और लोग उनका विरोध कर रहे हैं। राज्यपाल निष्पक्ष होता है और उनके शब्दों और आचरण में गरिमा दिखती है। लेकिन हमारे राज्यपाल छत्रपति शिवाजी महाराज, महात्मा फुले और सावित्रीबाई फुले पर बोलते हैं, क्या उन्होंने महाराष्ट्र को खेल बना रखा है?
बीजेपी पर हमला बोलते हुए संजय राउत ने कहा, किसी भी राज्य में किसी भी राज्यपाल के खिलाफ इतना गुस्सा कभी नहीं हुआ, लोग हंगामा कर रहे हैं। महाराष्ट्र में राज्यपाल पद की गरिमा इसलिए खत्म हो गई है क्योंकि बीजेपी ने राजभवन को अपना पार्टी मुख्यालय बना लिया है।

राज्यपाल के विवादित बयान पर बीजेपी में घमासान
राज्यपाल कोश्यारी के विवादित बयान को देवेंद्र फडणवीस का समर्थन मिला है तो वहीं दूसरी तरफ चंद्रशेखर बावनकुले ने राज्यपाल के बयान पर आपत्ति जताई है। बावनकुले ने कहा कि राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को शिवाजी महाराज की तुलना किसी राजनेता के साथ नहीं करनी चाहिए थी। महाराष्ट्र की जनता शिवाजी महाराज को भगवान की तरह पूजती है। जबकि देवेंद्र फडणवीस ने कोश्यारी के बयान के विषय में कहा था कि राज्यपाल के बयान का गलत मतलब निकाला गया है।
बीजेपी इस समय दो बयानों की वजह से बैकफुट पर हैं पहला बयान राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी द्वारा दिया गया था। जिसमें उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज को पुराने जमाने का हीरो बताया था। वहीं दूसरे बयान में बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने यह कहा था कि शिवाजी महाराज ने पांच बार औरंगजेब को पत्र लिखकर माफी मांगी थी। कल तक वीर सावरकर के मुद्दे पर राहुल गांधी को निशाने पर ले रही है बीजेपी अब खुद बैकफुट पर नजर आ रही है।

एनसीपी ने की कार्रवाई की मांग
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर छत्रपति शिवाजी महाराज पर की गई टिप्पणी को लेकर महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एनसीपी के मुख्य प्रवक्ता महेश तापसे ने राष्ट्रपति को लिखे पत्र में आरोप लगाया कि राज्यपाल कोश्यारी ने कई मौकों पर विवादित बयान दिए हैं जिससे महाराष्ट्र के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं और यह आचरण अस्वीकार्य है।

उदयन राजे ने राज्यपाल कोश्यारी को बताया ‘थर्ड क्लास’
छत्रपति शिवाजी महाराज के तेरहवें वंशज उदयनराजे भोसले ने महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को ‘थर्ड क्लास’ व्यक्ति बताते हुए कहा कि उन्हें राज्यपाल के पद से हटाकर वृद्धाश्रम भेज दिया जाना चाहिए।
राज्यपाल बूढ़े हो चुके हैं। उन्हें पता ही नहीं रहता कि वे क्या बोलने जा रहे हैं।
बता दें कि विभिन्न राजनीतिक दलों के अलावा छत्रपति शिवाजी महाराज से जुड़े संगठन संभाजी ब्रिगेड, मराठा क्रांति मोर्चा, जीजाऊ ब्रिगेड इत्यादि भी राज्यपाल कोश्यारी के बयान पर नाराजगी जता रहे हैं।