दिल्लीमहाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

बड़ा फैसला- संसद की तर्ज पर अब आम आदमी के लिए खुलेगा महाराष्ट्र विधान भवन

मुंबई: लंदन और भारतीय संसद की तर्ज पर अब महाराष्ट्र विधानमंडल भी आम आदमी के लिए खोला जाएगा। इस संबंध में मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष नाना पटोले और पर्यटन मंत्री आदित्य ठाकरे के बीच हुई संयुक्त बैठक में यह निर्णय लिया गया। इसके पीछे तर्क दिया गया कि लोकतंत्र के मंदिर में जाने से भला आम आदमी को क्यों रोकना चाहिए, इससे तो पर्यटन को ही बढ़ावा मिलेगा। नई पीढ़ी को इससे प्रेरणा मिलेगी।
दरअसल, आदित्य ठाकरे ने इच्छा व्यक्त की थी कि आम आदमी के लिए भी विधान भवन देखने का अवसर मिलना चाहिए। बहुत सारे लोग जो देखना चाहते हैं, जानना चाहते हैं कि आखिर यह क्या हैं और यहां का क्या इतिहास है, लेकिन सुरक्षा के नाम पर आम आदमी को प्रवेश नहीं दिया जाता। आदित्य की पहल पर विधानभवन स्थित विधानमंडल सचिवालय, गृह और पर्यटन विभाग की संयुक्त बैठक आयोजित की गई, जिसमें आम आदमी को प्रवेश देने का निर्णय लिया गया।

विधानमंडल की रही है अनूठी परंपरा: पटोले
विधानसभा के अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि महाराष्ट्र विधानमंडल की एक अनूठी परंपरा है। गौरवशाली इतिहास रहा है। कई सारे बढ़े से बड़े नेताओं ने विधानमंडल के माध्यम से आम आदमी की सेवा की है। इसी विधानमंडल की इमारत में ऐसे कई सारे कानून बनाएं, जिसे राष्ट्रीय स्तर पर अपनाया गया है। यहां आने पर नई पीढ़ी के युवाओं को इसकी जानकारी मिलेगी। इससे उन्हें नई दिशा और प्रेरणा मिलेगी, इसलिए गौरवशाली इतिहास रखने वाली इमारत को आम जनता के लिए खोलने की जरूरत है। विधानसभा अध्यक्ष पटोले ने कहा कि शुरुआत में मुंबई विधानमंडल में यह सुविधा शुरू होगी, इसके बाद नागपुर और पुणे विधानमंडल की इमारत आम जनता के लिए खोली जाएंगी।

इससे पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा: आदित्य ठाकरे
महाराष्ट्र विधानमंडल की इमारत को आम आदमी के लिए खोलने की पहल पर मंत्री आदित्य ठाकरे ने कहा कि इससे नुकसान कुछ नहीं है। फायदे ही फायदे हैं। यहां पर इतिहास से जहां युवाओं को प्रेरणा मिलेगी, वहीं पर्यटन आकर्षण को बढ़ावा मिलेगा। जब पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, तो नए रोजगार पैदा होंगे। आम आदमी के प्रवेश को लेकर राज्य पर्यटन विभाग, विधान सचिवालय और गृह विभाग मिलकर नियम-कानून बनाएंगे। ठाकरे ने रिसेप्शन रूम, पर्यटकों की स्क्रीनिंग, ऑनलाइन बुकिंग जैसी विभिन्न सुविधाएं प्रदान करने का भी निर्देश दिया। बैठक में पर्यटन विभाग की प्रधान सचिव वल्सा नायर सिंह, महाराष्ट्र पर्यटन विकास महामंडल के प्रबंध निदेशक आशुतोष सलिल, सह पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल, उप सचिव लोक निर्माण राजेंद्र जावजाद, उप सचिव विधान सचिवालय विलास अठावले, मुख्य सुरक्षा अधिकारी महेश चिमटे और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।