दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़शहर और राज्य

बिहार: बेगूसराय में गुटखा नहीं देने पर चलाई गोली, दो लोगों की मौत!

बेगूसराय: बिहार में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। आपराधिक घटनाएं लगातार हो रही हैं। बेगूसराय ज़िले के नगर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक पान दुकानदार समेत दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी! घटना 17 सितंबर देर रात की है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि जिले के नयागांव थाना क्षेत्र के नयागांव वार्ड-7 निवासी सहदेव सिंह का पुत्र विकास उर्फ मुंशी हरहर महादेव चौक स्थित अपनी पान की दुकान पर बैठा हुआ था तभी दो मोटरसाइकिल पर सवार चार अपराधी दुकान पर पहुंचे और विकास से रंगदारी में रुपये और गुटखा की मांग करने लगे।
विकास ने रुपये और गुटखा देने से मना कर दिया, तब अपराधियों ने विकास के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान नगर थाना क्षेत्र के नागदाह निवासी रामाशीष महतो का पुत्र रोशन कुमार, विकास को बचाने के लिए दुकान पर पहुंचा। सूत्रों ने बताया कि अपराधियों ने इसके बाद गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
गोली लगने से विकास और रोशन गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलों को इलाज के लिये निजी नर्सिंग होम ले जाया जा रहा था तभी रास्ते में दोनों ने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की तहकीक़ात करने में जुट गई है।

एसपी अवकाश कुमार के निर्देश पर नगर थाना अध्यक्ष अमरेंद्र झा के नेतृत्व में पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर बदमाशों की शिनाख्त करते हुए एक आरोपित को हथियार और बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया है।