उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़शहर और राज्य

बोल-बम के नारों से गुलजार हुआ भगवान भोले की नगरी काशी

लक्सा थाना के एसओ अमित मिश्रा अपनी टीम के साथ कांवरियों की सेवा करते हुए

वाराणसी, (राजेश जायसवाल): पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र में ‘बोल बम का नारा है बाबा एक सहारा है’ का नारा लगाते शिव की झांकी संग डीजे की धुन पर मस्ती में झूमते गाते चल रहे भगवा वस्त्रधारी कांवरिए इस समय आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। कांवरियों के लिए आरक्षित हाइवे की बायीं लेन रविवार को कांवरियों से गुलजार रहा। जलाभिषेक करने हेतु बाबा धाम आने वाले कांवरियों की संख्या सावन के दूसरे सोमवार पर काफी बढ़ गई है।
बता दें कि सावन माह में प्रयाग से जल भर कंधे पर कांवर उठा नंगे पांव बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करने हेतु एक माह तक कांवरियों का पैदल जत्था काशी आता है। सावन के सोमवार, तेरस व नागपंचमी पर विशेष भीड़ उमड़ती है। ट्रैक्टर-ट्राली, आटो समेत अन्य वाहनों पर डीजे संग शिव की आकर्षक झांकी सजाकर नंगे पांव अपनी मस्ती में झूमते-गाते चल रहे कांवरिए आकर्षण का केंद्र बने है। कांवरियों की सेवा हेतु डंगहरिया, लालपुर, मिर्जामुराद, खजुरी समेत हाइवे के अन्य जगहों पर जगह-जगह शिविर लगे हुए है।
वहीं दूर दराज से डाक बम कांवडियों का भी आने का क्रम शुरू हो चुका है। रविवार को मिर्जामुराद से डाकबम कांवडियों का जत्था तिरंगा संग प्रयागराज के लिए रवाना हुआ। प्रयाग से जल लेने के बाद सभी डाक बम कांवडिए बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करने आएंगे।
डीजे संग आकर्षक झांकी पर तिरंगा: डीजे बजाते हुए शिव की झांकी संग जा रहे कांवरियों के जत्थे पर इस बार कोई रोक-टोक नही दिख रहा। झांकी पर तिरंगा झंडा लहरा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था में जगह-जगह लगी पुलिस केवल कांवरियों के जत्थे को अपने क्षेत्र से सकुशल आगे बढ़ाने में जुटी है। उधर, हाइवे के दाहिने लेन पर यातायात प्रभावित होकर जाम लगने से दिनभर वाहन रेंगते रहे।
पालने में चल रहा मासूम कांवरिया बना आकर्षण: श्रद्धा, भाव, भक्ति में गजब की शक्ति होती। बाबा को जलाभिषेक करने हेतु प्रयागराज के जगतपुर निवासी शैलेन्द्र व पिंकी नामक दम्पति अपने डेढ़ वर्षीय पुत्र प्रियांशु को भी पालने में लेकर रस्सी के सहारे खींचते चल रहे है। मासूम कांवरिया राहगीरों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।

दरोगा ने अपनी टीम के साथ कांवरियों के जख्मों पर लगाया मरहम:
भगवान भोले की अविनाशी नगरी काशी हर-हर महादेव के उद्घोष से गुंजायमान है। ऐसे में काफी लोग कांवरियों की सेवा भी कर रहे हैं। लक्सा थाना के एसओ अमित मिश्रा अपनी टीम के साथ सबसे व्यस्त लक्सा गोदौलिया मार्ग पर सुरक्षा की कमान संभालने के साथ कांवरियों की सेवा भी कर रहे है। उनके पैरों के छालों को साफ करना, दवा लगाना, पानी, फिर भोजन की उचित व्यवस्था भी कर रहे हैं। इस कार्य में बाबा काशी विश्वनाथ कांवरिया शिविर लक्सा पूरा साथ दे रहा है।
अमित मिश्रा ने बताया कि, इससे पहले वो चौक थाने पर थे। वहां से 4 जुलाई को लक्सा थाने में पोस्टिंग हुई। पुलिसिंग का एक पार्ट सेवा और त्याग ही तो है। इनके पैरों में पड़ने वाले छाले और दर्द को अपना लेने से भगवान भी प्रसन्न होते हैं। ड्यूटी के दौरान इनके कष्टों को देखकर सेवा का भाव आया जो हमारी परंपरा में है।
पुलिस कांस्टेबल शिव नारायण ने सावन में इसे बड़ा पुण्य बताया। कहा कि, बाबा के भक्तों की सेवा हम लोग कर पा रहे हैं। सभी लोग अपनी ड्यूटी के साथ भक्ति का ये कार्य भी कर रहे हैं। कांवरिया देवेश बम ने बताया कि पुलिस से ऐसे सेवा की उम्मीद किसी को नहीं रहती। इन लोगों ने समाज में एक मिशाल कायम किया है।