उत्तर प्रदेशदिल्लीराजनीतिशहर और राज्य

UP की मनोनीत राज्यपाल आनंदीबेन पटेल कल लेंगी शपथ

लखनऊ, उत्तर प्रदेश की मनोनीत राज्यपाल आनंदीबेन पटेल सोमवार को 12:30 बजे राजभवन के गांधी सभागार में राज्यपाल पद की शपथ लेंगी। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति गोविन्द माथुर मनोनीत राज्यपाल को शपथ दिलायेंगे।
उत्तर प्रदेश की मनोनीत राज्यपाल आनंदीबेन पटेल सोमवार सुबह 10.20 बजे चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट, अमौसी पहुंचेंगी। एयरपोर्ट पर विशिष्ट महानुभाव उनका स्वागत करेंगे। इसके साथ ही पुलिस उनको गार्ड ऑफ ऑनर देगी। इसके पश्चात वह राजभवन के लिये प्रस्थान करेंगी। मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति गोविन्द माथुर मनोनीत राज्यपाल को शपथ दिलायेंगे। इस दौरान सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा समेत सरकार के कई मंत्री शामिल होंगे।
मनोनीत राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा है कि भेंट के अवसर पर पुष्प गुच्छ आदि के बजाय पुस्तकें एवं खाद्य वस्तुएं दी जानी चाहिए जिन्हें किसी जरूरतमंद को दिया जा सके जो किसी के उपयोग में आ सके। आनंदीबेन पटेल का मानना है कि पुष्प स्वीकार कर निश्चय ही सुखद अनुभूति होती है पर फूल के खराब होने के साथ पैसे भी बेकार हो जाते हैं। उसकी अपेक्षा यदि कोई पुस्तक या खाद्य वस्तु आदि हो तो वह जरूरतमंद बच्चों को भी भेजी जा सकती है। इससे पहले भी वह राजभवन मध्य प्रदेश में खाद्य वस्तुओं एवं किताबों को अनाथालय, वृद्धाश्रम और मलिन बस्तियों के बच्चों को उपहार स्वरूप भेजती रही हैं।
आनंदीबेन पटेल को वर्ष-2014 के शीर्ष 100 प्रभावशाली भारतीयों में उन्हें सूचीबद्ध किया गया। गुजरात की राजनीति में “लौह महिला” के रूप में जानी जाती हैं। जनवरी 2017 में मध्य प्रदेश की राज्यपाल नियुक्त हुई थी। आनंदीबेन पटेल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की करीबी मानी जाती हैं। उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक कल दोपहर में 2.45 बजे मुंबई जाने के लिए राजभवन से अमौसी हवाई अड्डे के लिए रवाना हो जायेंगे।

अखिलेश यादव ने की राज्यपाल से भेंट
वहीँ समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को राज भवन जाकर राज्यपाल राम नाईक से भेंट की। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इसको शिष्टाचारिक भेंट बताया।
राज भवन में अखिलेश यादव के साथ समाजवादी पार्टी में विधान परिषद के नेता अहमद तथा पूर्व मंत्री राजेंद्र चौधरी के साथ अखिलेश यादव ने राज्यपाल राम नाईक से शिष्टाचारिक भेंट करने के दौरान उनको पुष्प गुच्छ व अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया। राज्यपाल राम नाईक का उत्तर प्रदेश में कार्यकाल पूर्ण हो गया है।