दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्र

भगत सिंह कोश्यारी का इस्तीफा मंजूर, रमेश बैस बने महाराष्ट्र के नए राज्यपाल

मुंबई: केंद्र सरकार ने 13 राज्यों के राज्यपाल, उपराज्यपालों का फेरबदल किया है।इस बीच विवादों से घिरे महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने भी इस्तीफा दे दिया है, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने महाराष्ट्र के राज्यपाल के रूप में भगत सिंह कोश्यारी का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। जिसके बाद रमेश बैस को महाराष्ट्र का नया राज्यपाल बनाया गया।
वहीं लद्दाख के उपराज्यपाल के रूप में राधाकृष्णन माथुर का इस्तीफा भी स्वीकार कर लिया गया है और अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल डा. बी.डी. मिश्रा को लद्दाख का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कई नए राज्यपालों की नियुक्ति को स्वीकृति दी है। लेफ्टिनेंट जनरल कैवल्य त्रिविक्रम परनाइक को अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल के रूप में नियुक्त किया गया है। लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को सिक्किम का राज्यपाल बनाया गया है।
वहीं सीपी राधाकृष्णन को झारखंड के राज्यपाल और शिवप्रताप शुक्ला को हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल के रूप में नियुक्त किया गया है।
राष्ट्रपति मुर्मु ने मणिपुर के राज्यपाल ला गणेशन को नागालैंड का राज्यपाल नियुक्त करने को स्वीकृति दी है। वहीं, बिहार के राज्यपाल फागू चौहान को मेघालय का राज्यपाल तो हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को बिहार का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

गुलाब चंद कटारिया बने असम के राज्यपाल
राजस्थान के पूर्व गृहमंत्री और मौजूदा राजस्थान विधानसभा में विपक्ष के नेता रहे गुलाब चंद कटारिया को असम के राज्यपाल के रूप में नियुक्त किया गया है। कटारिया को राजस्थान में भाजपा के कद्दावर नेताओं में जाना जाता है।

छत्तीसगढ़ और आंध्र में भी बदलाव
केंद्र सरकार ने न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) एस अब्दुल नजीर को आंध्र प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया है। आंध्र प्रदेश के राज्यपाल बिस्वा भूषण हरिचंदन को छत्तीसगढ़ का राज्यपाल बना दिया गया है। वहीं, छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसुइया उइके को मणिपुर का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

यहां देखिए- महाराष्ट्र सहित 13 राज्यों के राज्यपाल की पूरी लिस्ट
(1) (रिटायर) लेफ्टिनेंट जनरल कैवल्य त्रिविक्रम परनाइक अरुणाचल प्रदेश के नए राज्यपाल बनाए गए।
(2) लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को सिक्किम का राज्यपाल बनाया गया।
(3) सीपी राधाकृष्णन को झारखंड का राज्यपाल बनाया गया।
(4) शिवप्रताप शुक्ल हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल नियुक्त किए गए।
(5) गुलाब चंद कटारिया को असम का राज्यपाल बनाया गया।
(6) जस्टिस (सेवानिवृत्त) एस अब्दुल नज़ीर आंध्र प्रदेश के राज्यपाल बनाए गए।
(7) आंध्र प्रदेश के राज्यपाल बिस्वा भूषण हरिचंदन को छत्तीसगढ़ का राज्यपाल नियुक्त किया गया।
(8) छत्तीसगढ़ की राज्यपाल सुश्री अनुसुइया उइके को मणिपुर का राज्यपाल नियुक्त किया गया।
(9) मणिपुर के राज्यपाल ला गणेशन को नागालैंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया।
(10) बिहार के राज्यपाल श्री फागू चौहान को मेघालय का राज्यपाल नियुक्त किया गया।
(11) हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को बिहार का राज्यपाल नियुक्त किया गया।
(12) झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस को महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त किया गया।
(13) ब्रिगेडियर बी.डी. मिश्रा (सेवानिवृत्त), अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल को लद्दाख का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है।