ठाणे: ठाणे जिले के भिवंडी कस्बे में गौसिया मस्जिद के पास शांतिनगर के न्यू आजाद नगर में रविवार तड़के सुबह एक मकान के छज्जे का कुछ हिस्सा ढह गया। जिसकी चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोगों के घायल होने की सूचना है। जहां एक की हालत गंभीर बनी हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत और बचाव का काम शुरू किया। पुलिस ने घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया। वहीं महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

ठाणे नगर निगम में क्षेत्रीय आपदा मैनेजमेट सेल (आरडीएमसी) के प्रमुख अविनाश सावंत ने बताया कि घटना रविवार सुबह करीब छह बजे हुई। इसमें एक मंजिला मकान की बालकनी टूटकर बगल वाले मकान पर गिर गई। इस घटना में बगल के मकान में रहने वाली गुलशन सगीर अंसारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य व्यक्ति-सगीर अंसारी (45) और मेहताब अंसारी घायल हो गए।
घटना की जांच में जुटी पुलिस
सावंत ने बताया कि सूचना मिलने पर दमकलकर्मी और आरडीएमसी का दल मौके पर पहुंचा और उन्होंने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया है। अधिकारी ने कहा कि घायलों को शुरुआत में एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में उन्हें बेहतर इलाज के लिए मुंबई ले जाया गया। उन्होंने बताया कि स्थानीय पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।
