ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

महाराष्ट्र: उद्धव सरकार के शपथ ग्रहण पर हुए खर्च को लेकर सस्पेंस?

मुंबई: महाराष्ट्र में पिछले साल नवंबर में महाविकास अघाड़ी के शपथ ग्रहण समारोह के खर्च में भारी विसंगतियां पाई गई हैं। सूचना का अधिकार (आरटीआई) कार्यकर्ताओं ने बुधवार (12 फरवरी) को मुंबई में यह आरोप लगाया। साकीनाका निवासी प्रसिद्ध आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली को 2.79 करोड़ रुपए का आंकड़ा दिया गया, वहीं सायन निवासी एक अन्य आरटीआई कार्यकर्ता अजय बोस को 4.63 करोड़ रुपए का खर्च बताया गया। गलगली की आरटीआई याचिका के जवाब में सूचना अधिकारी आर.जी.गायकवाड़ ने 20 जनवरी को दिए जवाब में बताया कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और उनके छह मंत्रियों के 28 नवंबर, 2019 को शिवाजी पार्क में हुए शपथ ग्रहण समारोह पर 2.79 करोड़ रुपए का खर्च आया था। आश्चर्यजनक रूप से उसी अधिकारी ने 31 जनवरी को अजय बोस को उसी कार्यक्रम के खर्च की जानकारी देते हुए 4.63 करोड़ रुपए का आंकड़ा दिया।
अब दोनों कार्यकर्ता चकित हैं कि कौन-सा आंकड़ा सही है और एक ही सवाल के जवाब में एक ही अधिकारी के दो जवाबों में इतना बड़ा अंतर क्यों है। गलगली ने कहा, जब सरकारी विभाग ने आंकड़े उचित रूप से नहीं रखे हैं तो वे आरटीआई में गुमराह करने वाले आंकड़े क्यों पेश कर रहे हैं? सम्बंधित अधिकारी को गलत जानकारी देने के लिए उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उनके मंत्रिमंडल के वानखेड़े स्टेडियम में 2014 में हुए शपथ ग्रहण समारोह का खर्च सिर्फ 98 लाख रुपए बताया गया है।