नासिकब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्र

महाराष्ट्र के नासिक में बड़ा हादसा: 35 यात्रियों वाली बस खाई में गिरी, एक की मौत! कई घायल

नासिक: महाराष्ट्र के नासिक जिले में रोडवेज़ की एक बस भीषण हादसे की शिकार हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक, यह बस नासिक से बुलढाणा जिले की तरफ जा रही थी। बस नासिक के सप्तश्रृंगी किले पर रुकी हुई थी। बस तकरीबन सुबह 6 बजे के आसपास किले से नीचे उतर रही थी तभी खाई में गिर गई। बताया जा रहा है कि इस बस में 35 लोग सवार थे। जिनमें अधिकतर पर्यटक और तीर्थयात्री थे। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गयी है, जबकि 10 यात्री घायल बताये जा रहे हैं। नासिक जिले के संरक्षक मंत्री दादा भुसे मालेगांव से घटनास्थल के लिए रवाना हो गए, वहां पहुँचकर उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया।
यात्रियों को बस से निकालने के लिए राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया। लगातार बारिश और खतरनाक मोड़ पर चालक का बस से नियंत्रण छूटने की वजह से यह हादसा होने की बात सामने आ रही है। बस में कितने यात्री सवार थे इसकी आधिकारिक संख्या का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

संरक्षक मंत्री दादा भुसे के मुताबिक, बस में सवार सभी यात्री सप्तश्रृंगी देवी के दर्शन करके एसटी बस से लौट रहे थे। लेकिन रास्ते में सप्तशृंगी घाट के शार्प टर्न (खतरनाक मोड़) पर ड्राइवर का नियंत्रण छूटने से यह हादसा होने की आशंका है। आसपास के ग्रामीण, प्रशासन के साथ मिलकर बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। उन्होंने अस्पताल में भी घायलों के बारे जानकारी ली है।