दिल्लीपुणेब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

महाराष्ट्र: कोरोना का कहर जारी, 40 साल की महिला ने तोड़ा दम, कोरोना से सातवीं, सड़क हादसों में 10 की मौत

मुंबई: कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के बीच महाराष्ट्र में कोविड-19 से मौत का एक और मामला सामने आया है। मुंबई में 40 साल की कोरोना संक्रमित महिला की मौत हो गई है। उसे शनिवार को सांस संबंधी गंभीर जटिलताओं के बाद भर्ती कराया गया था। महिला उच्च रक्तचाप की भी मरीज थी। महाराष्ट्र में कोरोना वायरस से मौत का यह सातवां मामला है।
महाराष्ट्र में 12 और लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद राज्य में इसके कुल मरीजों की संख्या 193 पर पहुंच गई है। एक स्वास्थ्य अधिकारी ने रविवार को बताया कि 12 नए मरीजों में से पांच मरीज पुणे, चार मुंबई और एक-एक सांगली, जलगांव और नागपुर में सामने आए हैं। राज्य में सबसे अधिक 77 संक्रमित मुंबई में हैं।
इसके बाद सांगली में 25 मामले, पुणे में 24, पिंपरी चिंचवड़ में 12, नागपुर में 12, कल्याण-डोम्बिवली में 7, नवी मुंबई में 6, ठाणे में 5, यवतमाल और वसई-विरार में चार-चार, अहमदनगर में तीन, सातारा और पनवेल में दो-दो, उल्हासनगर, औरंगाबाद, रत्नागिरी, पुणे ग्रामीण, सिंधुदुर्ग, पालघर, कोल्हापुर, गोंदिया और जलगांव में एक-एक मामले हैं। इनमें एक मरीज गुजरात का है।

रविवार लॉकडाउन का 5वां दिन
आज लॉकडाउन का 5वां दिन है। भारत में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ती जा रही है। देश में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या 1029 तक पहुंच चुकी है, जबकि रविवार सुबह दो अन्य मौतों के साथ कोरोना वायरस से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 26 पर पहुंच गया है। इस बीच इससे निपटने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो 21 दिनों के लॉकडाउन का ऐलान किया है, उसका रविवार को पांचवां दिन है। महाराष्ट्र, दिल्ली, छत्तीसगढ़ सहित कई राज्य हैं, जहां से लोग पैदल ही अपने गांव वापस लौटने के लिए बड़ी संख्या में निकल चुके हैं और कई जगहों पर जमा हो गए हैं। इससे पूरी एक्सरसाइज के ही प्रभावी होने पर सवाल खड़ा हो गया है।

इसी बीच महाराष्ट्र और कर्नाटक में अपने घरों की ओर वापसी कर रहे कुछ लोग हादसे का शिकार हो गए। दो हादसों में दस लोगों की मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, पालघर जिले के वसई तालुका में शनिवार को तेज गति से आ रहे टेंपो से कुचल कर चार लोगों की मौत हो गई और तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। ये सभी गुजरात से मुंबई पैदल जा रहे थे। हादसे के बाद पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना परोले गांव में तड़के तीन बजे हुई जब तेज गति से आ रहे एक टेंपो ने गुजरात से मुंबई पैदल जा रहे कुछ लोगों को कुचल दिया। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई और तीन गंभीर रूप से घायल हो गए।
वहीं, कनार्टक के बाहरी इलाके में एक मजदूरों को ले जा रही लॉरी से टकराकर छह लोगों की मौत हो गई। हादसा आउटर रिंग रोड पर हुआ। लॉरी मजदूरों को कनार्टक में उनके गांवों में ले जा रही थी। लॉकडाउन के कारण बेरोजगार हुए 30 मजदूर कनार्टक के रायचूर जिले में अपने गांव लौट रहे थे। इस हादसे में छह अन्य घायल हो गए।
उन्होंने कहा कि घायलों को पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया और मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। अधिकारी ने बताया कि टेंपो चालक को हिरासत में ले लिया गया है और विरार पुलिस इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच कर रही है।

बता दें कि केंद्र सरकार ने एक शहर से दूसरे शहर जा रहे लोगों के मूवमेंट को रोकने के आदेश दिए। राज्य सरकारों को प्रवासी श्रमिकों/छात्रों के लिए समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।