ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्ररत्नागिरी

महाराष्ट्र: चार दिन में समुद्र किनारे से 250 किलो ड्रग्स जब्त, मुंबई बम धमाकों के बाद फिर चर्चा में कोकण तट

रत्नागिरी: महाराष्ट्र में रत्नागिरी के समुद्र किनारे 4 दिन में चरस के पैकेट मिले हैं, जिनका वजन 250 किलो बताया जा रहा है। ड्रग्स पाकिस्तान और अफगानिस्तान से लाए जाने की आशंका जताई जा रही है। 14 अगस्त को गश्त के दौरान सीमा कर विभाग के अधिकारियों को रत्नागिरी में समुद्र किनारे 14 संदिग्ध पैकेट मिले थे, जिनका वजन करीब 12 किलो था। जांच करने पर अच्छी क्वालिटी की चरस पाई गई। इसके बाद समुद्र तटों पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इसके बाद, 15 अगस्त को लाडघर समुद्र तट पर 35 किलो, 16 अगस्त को केल्शी समुद्र किनारे पर 25 किलो और कोलथार समुद्र किनारे 13 किलो, 17 अगस्त को क्रीक से 14 किलो, 101 किलो और 22 किलो चरस बरामद की गई।
दापोली सीमा शुल्क के सहायक आयुक्त श्रीकांत कुडालकर ने बताया है कि तलाशी अभियान जारी है। उन्होंने समुद्र तट पर रहने वाले स्थानीय लोगों से अपील की है कि संदिग्ध बैग मिले, तो संपर्क करें। इस मामले में अब तक लगभग 10 लोगों को रडार पर रखा गया है।

मुंबई धमाकों को लेकर आया था चर्चा में
1993 के मुंबई बम धमाकों के दौरान यह बात सामने आई थी कि कोकण तट पर बड़ी मात्रा में आरडीएक्स उतारा गया था। अब ड्रग्स की वजह से कोकण तट एक बार फिर चर्चा में है। करोड़ों की ड्रग्स मिलने से जांच एजेंसियों की नींद उड़ गई है।

पैकेट पर अफगानिस्तान का उल्लेख
मिली जानकारी के मुताबिक, अब तक की कार्रवाई में सीमा शुल्क विभाग ने रत्नागिरी जिले के तट से 222 किलोग्राम तक चरस जब्त की है, तो रत्नागिरी पुलिस ने 37 किलो गांजा जब्त किया है। बताया जा रहा है कि इन पैकेट्स पर अफगानिस्तान का जिक्र है। कुछ दिन पहले गुजरात के तटीय इलाकों में भी चरस के पैकेट मिले थे, इसलिए रत्नागिरी पुलिस ने गुजरात पुलिस से संपर्क किया है।

बताया जा रहा है कि दापोली तालुका के करदे लाडघर, केल्सी, कोलथारे, मुरुड, बुरुंडी, दाभोल बंदरगाहों और गुहागर तालुक के बोरिया बंदरगाह, रत्नागिरी पुलिस और सीमा शुल्क विभाग में इस तरह से पाए गए हशीश के पैकेट्स पर अफगानिस्तान का जिक्र है। इस बात की जांच की जा रही है कि क्या ड्रग्स के पैकेट्स समुद्र से आए हैं या फिर इस इलाके में तस्करी हो रही है। कोकण तट एक बार फिर नशीले पदार्थों के पैकेट्स के कारण संदेह के घेरे में आ गया है।